गौरीगंज बाजार में करवा चौथ की तैयारी को लेकर खरीदारी करती महिलाएं। -संवाद
अमेठी सिटी। करवा चौथ से एक दिन पहले बृहस्पतिवार को अमेठी, गौरीगंज, जायस, मुसाफिरखाना और जगदीशपुर की बाजारों में खूब चहल-पहल रही। त्योहार को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आभूषण और परिधानों की बिक्री सबसे ज्यादा हुई। इसके अलावा मेहंदी लगवाने और सजने-संवरने के लिए ब्यूटी पार्लरों में भीड़ जुटी रही।
साड़ियां, सूट, लहंगा और गाउन इस बार भी मांग में रहे। ग्रामीण इलाकों से आईं महिलाओं ने डिजाइनर लहंगे और पारंपरिक परिधान खरीदे। दुकानदारों के अनुसार लाल, मैरून और सुनहरे रंग के कपड़ों की मांग सबसे अधिक रही। शृंगार सामग्री की दुकानों पर भीड़ दिनभर बनी रही। रंग-बिरंगी चूड़ियां, सिंदूर, बिंदी और 3डी डिजाइन मेहंदी की खरीदारी के लिए महिलाएं देर शाम तक बाजार में जुटी रहीं। जयपुर और दिल्ली से आईं चूड़ियों और पारंपरिक कड़ों ने बाजार की रौनक बढ़ा दी। मिट्टी और चांदी के करवे, सजावटी थालियां और सोलह शृंगार के सेट महिलाओं ने खूब खरीदे।
त्योहार के मद्देनजर ब्यूटी पार्लरों में सुबह से ही भीड़ रही। फेशियल, हेयर स्टाइलिंग, मेकअप और नेल आर्ट के लिए बुकिंग पहले ही कर ली गई थी। पार्लर संचालकों ने बताया कि करवा चौथ और दीपावली पर्व पर भीड़ बढ़ जाती है। सोने के बढ़े दामों से इस बार महिलाएं चांदी और आर्टिफिशियल ज्वेलरी की ओर आकर्षित हैं। दुकानदारों ने बताया कि इस बार ग्राहकों का झुकाव बजट अनुकूल गहनों की ओर रहा।
पूजन का शुभ मुहूर्त
पंडित कपिल देव मिश्र ने बताया कि करवा चौथ 10 अक्तूबर को मनाई जाएगी। पूजन का शुभ मुहूर्त दोपहर एक बजे के बाद रहेगा। चंद्रोदय रात 9:30 बजे होगा। महिलाएं चंद्र दर्शन के बाद पूजा करेंगी।