संग्रामपुर (अमेठी)। थाना क्षेत्र के राजापुर कोहरा में चुनावी रंजिश में हुई हत्या के बाद आक्रोशित परिवारीजन शुक्रवार सुबह शव का अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हो गए। अफसरों के समझाने व सभी शर्तें पूरी करने का आश्वासन मिलने के बाद हिंदू रीति रिवाज के अनुसार गांव की बाग में मृत युवक के शव का अंतिम संस्कार किया गया।
संग्रामपुर थाना क्षेत्र के राजापुर कोहरा निवासी रामराज पाल के दो बेटों पर बुधवार शाम चुनावी रंजिश में लोहे की राड व लाठी-डंडों से गांव के ही कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल बड़े बेटे की बुधवार रात इलाज के दौरान लखनऊ में मौत हो गई। बृहस्पतिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव घर आने पर परिवारीजनों ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी समेत पांच मांगें रखते हुए दाह संस्कार करने से मना कर दिया था। हालांकि शव आने पर सिर्फ थाने के कोतवाल अमर सिंह ही मौजूद थे। देर शाम तक बात नहीं बनने के बाद एसडीएम संजीव कुमार मौर्य तथा सीओ अर्पित कपूर ने परिवारीजनों को समझाना चाहा लेकिन परिजनों ने उनकी बात नहीं मानी। हालांकि बाद में एसडीएम व सीओ के आश्वासन पर परिजन शुक्रवार सुबह अंतिम संस्कार करने को राजी हुए। शुक्रवार को परिवारीजनों ने घर के समीप स्थित एक बाग में मृत आलोक का अंतिम संस्कार कर दिया। आलोक के अंतिम संस्कार में क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
गठित की गईं तीन टीमें
सीओ अर्पित कपूर ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं। टीमें संभावित स्थानों पर जाकर छापा मार रही हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। पीड़ित के घर पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।