अमेठी सिटी। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के साथ ही माध्यमिक शिक्षा विभाग ने जिले में संस्कृत बोर्ड परीक्षा की तैयारियां भी पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा 19 से प्रारंभ होकर 28 फरवरी तक होगी। जिले में तीन केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:00 से 5:15 बजे तक चलेगी।
जिले में नागेश्वरनाथ संस्कृत माध्यमिक स्कूल हसरमपुर जामों को केंद्र बनाया गया है, जहां चार विद्यालयों के 161 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। श्रीमत परमहंस संस्कृत माध्यमिक विद्यालय टीकरमाफी में तीन विद्यालयों के 226 परीक्षार्थियों तथा आदर्श श्री शिवबहादुर संस्कृत माध्यमिक स्कूल में दो विद्यालयों के 197 परीक्षार्थियों का केंद्र निर्धारित किया गया है। इस प्रकार कुल 584 परीक्षार्थी संस्कृत बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
प्रथम पाली में पूर्व मध्यमा द्वितीय (कक्षा 10) और उत्तर मध्यमा प्रथम (कक्षा 11) की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी, जबकि द्वितीय पाली में उत्तर मध्यमा द्वितीय (कक्षा 12) की परीक्षा संपन्न होगी। परीक्षा का शुभारंभ 19 फरवरी को सभी वर्गों के लिए अनिवार्य संस्कृत विषय से होगा। अंतिम परीक्षा 28 फरवरी को योग, चित्रकला, लेखाशास्त्र, गृह विज्ञान, कंप्यूटर विज्ञान, इतिहास-पुराण और संस्कृति विषयों के साथ समाप्त होगी। परीक्षा को नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 117 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।
सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा, वाइस रिकॉर्डर और इंटरनेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। डीआईओएस डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी हैं।