गौरीगंज (अमेठी)। जमीन खरीदने से मन को मिलने वाली खुशी कोरोना जैसी भीषण महामारी पर भारी पड़ रही है। जिले में रजिस्ट्री दफ्तरों को इस वित्तीय वर्ष में प्रत्येक मद से हुई आय इसकी गवाही दे रही है। चारों रजिस्ट्री दफ्तरों की औसत आय जहां लक्ष्य के बराबर है वहीं मुसाफिरखाना तहसील के रजिस्ट्री दफ्तर ने लक्ष्य को काफी पीछे छोड़ दिया है।
देश व प्रदेश के साथ जिला भी पिछले दो वर्षों से कोरोना की मार झेल रहा है। जन सामान्य के साथ तकरीबन सभी इस बीमारी से उपजी परेशानियों और दहशत का खामियाजा भुगत रहे हैं। बड़े कारोबारी से लेकर छोटे व्यापारी तक बीमारी के अलावा महंगाई की मार से परेशान हैं। अधिकांश सरकारी विभागों की आय खासी प्रभावित हुई है।
जिन विभागों की आय प्रभावित हुई है उनके विभागाध्यक्षों को शासन-प्रशासन की तरफ से फजीहत झेलनी पड़ रही है। इन दुश्वारियों के बीच जिले की सभी तहसीलों में लोगों में जमीन खरीदने की होड़ व इससे मिलने वाले परम संतोष ने रजिस्ट्री दफ्तरों की बल्ले-बल्ले कर दी है। आलम यह है जिले के चारों रजिस्ट्री दफ्तरों की लक्ष्य के सापेक्ष शुरुआती छह माह की आय औसत आय लक्ष्य के तकरीबन बराबर पहुंच गई है। मुसाफिरखाना रजिस्ट्री दफ्तर ने तो पूरे वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित लक्ष्य का 80 प्रतिशत छह माह में ही पूरा कर लिया है।
वित्तीय वर्ष का लक्ष्य व अब तक आय (लाख में)
रजिस्ट्री दफ्तर लक्ष्य आय प्रतिशत
गौरीगंज 2068 787.67 38.19
मुसाफिरखाना 2414 1942.5 80.47
अमेठी 2061 691.86 33.57
तिलोई 1474 574.63 38.98
------------------------------------------
योग 8017 3996.67 49.85
------------------------------------------
छह माह का लक्ष्य व आय (लाख में)
रजिस्ट्री दफ्तर लक्ष्य आय प्रतिशत
गौरीगंज 1057 787.67 74.52
मुसाफिरखाना 1229 1942.5 158.06
अमेठी 1058 691.86 65.39
तिलोइ 746 574.63 77.03
------------------------------------------
योग 4090 3996.67 97.72
गत वर्ष सितंबर माह की आय (लाख में)
रजिस्ट्री दफ्तर लक्ष्य कुल आय प्रतिशत
गौरीगंज 151 135.77 89.91
मुसाफिरखाना 174 205.83 118.29
अमेठी 150 153.32 102.22
तिलोई 106 110.76 104.49
-----------------------------------------
योग 581 605.68 104.25
इस वर्ष सितंबर माह की आय (लाख में)
रजिस्ट्री दफ्तर लक्ष्य कुल आय प्रतिशत
गौरीगंज 164 147.02 89.75
मुसाफिरखाना 190 220.69 116.15
अमेठी 164 153.98 93.89
तिलोई 117 125.64 107.39
-----------------------------------------
योग 635 647.51 101.97
आय बढ़ाने का निर्देश : एडीएम
एडीएम वित्त एवं राजस्व सुशील प्रताप सिंह ने बताया कि रजिस्ट्री दफ्तरों में मुसाफिरखाना की आय जहां लक्ष्य से अधिक है वहीं अन्य की कम। सभी रजिस्ट्री दफ्तरों पर तैनात उप निबंधक को आय बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। जो उप निबंधक लक्ष्य के सापेक्ष आय अर्जित नहीं कर पाएंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।