अमेठी। शहर की रहने वाली सपा नेत्री गुंजन सिंह ने बीते दिन मंगलवार को अनुसूचित जाति के एक व्यक्ति का मकान जेसीबी से ढहवा दिया। इस दौरान पीड़ित परिवार ने विरोध किया तो सपा नेत्री ने उसे धमकी भी दी। दबंगई का वीडियो वायरल होने व पीड़ित की तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने सपा नेत्री समेत दो के खिलाफ एसस-ीएसटी का केस दर्ज किया है।
शहर के अधिवक्ता राम सिंह की पुत्री गुंजन सिंह सपा से जुड़ी हैं। गत विधानसभा चुनाव में वे सपा के टिकट पर अमेठी से विधानसभा चुनाव भी लड़ना चाह रही थीं। चुनाव के मद्देनजर वे लगातार पब्लिक में सक्रिय भी थीं। मंगलवार शाम गुंजन सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वायरल वीडियो में गुंजन की मौजूदगी में एक जेसीबी शहर से सटे सराय राजशाह गांव में एक मकान का दीवार ढहाते व परिसर को समतल करते नजर आ रही है।
दूसरे वीडियो में गुंजन की मौजूदगी में कई लोग परिसर में मौजूद लकड़ी व अन्य सामान हटाते दिख रहे हैं। इसी वीडियो में विरोध कर रही अनुसूचित जाति की दो महिलाओं से अभद्रता करते हुए वो उन्हें धमकी भी दे रही हैं। देर शाम इस मामले को लेकर थाने पहुंचे सराय राजशाह निवासी दयाराम ने गुंजन के खिलाफ तहरीर दी तो पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच में प्रथम दृष्टया मामला सही मिलने के बाद पुलिस ने गुंजन समेत दो लोगों के खिलाफ एससी-एसटी का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एसएचओ उमाकांत शुक्ल ने बताया कि दर्ज मामले की विवेचना सीओ करेंगे। सपा जिलाध्यक्ष राम उदित यादव ने बताया कि गुंजन पार्टी की सक्रिय कार्यकर्ता हैं।