गौरीगंज (अमेठी)। विधानसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन गुरुवार को गौरीगंज व जगदीशपुर के सपा प्रत्याशी ने अपना-अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। तीसरे दिन भी तिलोई विधानसभा क्षेत्र में एक भी नामांकन दाखिल नहीं हो सका। तीसरे दिन 15 प्रत्याशियों ने आरओ के पास पहुंचकर नामांकन पत्र खरीदे। नामांकन के दौरान कलेक्ट्रेट मोड़ से लेकर परिसर तक छावनी में तब्दील रहा।
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी चुनावी अधिसूचना के पांचवें चरण मेें शामिल अमेठी जिले की चार विधानसभाओं के लिए मंगलवार से कलेक्ट्रेट में नामांकन दाखिल किए जा रहे हैं। पहले दिन जहां एक भी नामांकन नहीं जमा हुआ था तो दूसरे दिन अमेठी विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी महाराजी देवी व निर्दलीय प्रत्याशी कालीदीन ने अपना नामांकन पत्र जमा किया था।
नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन गुरुवार को जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र की सपा प्रत्याशी रचना कोरी ने आरओ राकेश कुमार तो गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी राकेश प्रताप सिंह ने तीन सेट में अपना नामांकन पत्र आरओ सविता यादव के पास जमा किया। कोविड प्रोटोकॉल से जुड़े दिशा-निर्देशों के चलते दोनों प्रत्याशियों ने कोई भी शक्ति प्रदर्शन नहीं किया।
दोनों प्रत्याशी अपने प्रस्तावक व समर्थक के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और निर्धारित कक्ष में पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। तीसरे दिन अमेठी व तिलोई विधानसभा क्षेत्र के लिए किसी भी उम्मीदवार ने अपना नामांकन पत्र जमा नहीं किया। हालांकि गुरुवार को भी विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक 15 उम्मीदवारों ने आरओ से अपना नामांकन पत्र प्राप्त किया।
नामांकन के दौरान कोई अव्यवस्था न हो इसके लिए कलेक्ट्रेट मोड़ से परिसर तक सुरक्षा का कड़ा बंदोबस्त रहा। पूरा परिसर छावनी में तब्दील रहा। सीसीटीवी कैमरे से भी निगरानी की जाती रही। किसी को भी बिना मास्क कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया गया।
15 ने लिया नामांकन पत्र
दूसरे दिन नामांकन व पत्र प्राप्त करने की जानकारी देते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजकुमार दुबे ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन 15 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र लिया। गौरीगंज व जगदीशपुर के सपा प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल किया है।
नामांकन पत्रों का विवरण
186 विधानसभा अमेठी
नाम - पार्टी - नामांकन पत्रों की संख्या
सुनील यादव - लोकदल - 02 सेट
शत्रुल्जय सिंह - लोक पार्टी - 01 सेट
अंजू - लोक पार्टी - 01 सेट
........................................................................
विधानसभा 178- तिलोई
मो. नईम - समाजवादी पार्टी - 03 सेट
अरविंद कुमार - निर्दलीय - 01 सेट
..........................................................................
विधानसभा 184- जगदीशपुर (सुरक्षित)
बाबूलाल - निर्दलीय - 01 सेट
ब्रह्मादीन - लोकदल - 01 सेट
..........................................................................
विधानसभा 185- गौरीगंज
चौधरी नफीस अहमद- जनसत्ता दल - 02 सेट
रामलखन - बसपा - 01 सेट
सरिता - निर्दलीय - 01 सेट
रामलाल - निर्दलीय - 01 सेट
अंगदराज - निर्दलीय - 01 सेट
महेश प्रताप सिंह - रिपब्लिकन सेना - 01 सेट
सत्यप्रकाश - रिपब्लिकन सेना - 01 सेट
मो. हसन लहरी - बहुजन मुक्ति पार्टी - 01 सेट
..........................................................................
3.26 करोड़ रुपये की मालकिन हैं रचना कोरी
जगदीशपुर विधानसभा से पर्चा दाखिल करने वाली समाजवादी प्रत्याशी रचना कोरी के पास कुल 3.26 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है। पहली बार चुनाव लड़ रहीं रचना कोरी की ओर से दिए गए शपथ पत्र के अनुसार उनके पास नकद धन मात्र दस हजार रुपये है।
इसके अलावा 4.09 लाख रुपये विभिन्न बैकों में आरडी व अन्य जमा में निवेश है। चल संपत्ति में 50 ग्राम सोना व एक किलोग्राम चांदी भी है। रचना के पास तीन करोड़ 21 लाख 80 हजार रुपये की अचल संपत्ति है। रचना 35 लाख रुपये की कर्जदार भी हैं। रचना के पास तो कोई वाहन है और न ही कोई असलहा। स्नातक तक शिक्षित रचना कोरी के खिलाफ कोई भी आपराधिक केस दर्ज नहीं है।
बढ़ने के बजाए घट गई राकेश प्रताप की संपत्ति
गौरीगंज (अमेठी)। गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र से लगातार दो बार विधायक रहे समाजवादी पार्टी प्रत्याशी राकेश प्रताप सिंह की संपत्ति पांच साल में बढ़ने के बजाए कम हो गई। 2017 के चुनाव में दाखिल शपथ पत्र के अनुसार जहां राकेश प्रताप सिंह व उनकी पत्नी के पास 3.60 करोड़ रुपये की संपत्ति थी वहीं इस बार दाखिल शपथ पत्र में कुल चल अचल संपत्ति 3.40 करोड़ रुपये की बताई गई है।
राकेश प्रताप सिंह गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र से लगातार दो बार विधायक हैं। 2012 व 2017 के चुनाव में सपा के टिकट पर विधायक बनने वाले राकेश प्रताप इस बार भी सपा के टिकट पर मैदान में हैं। 2017 में उनकी ओर से नामांकन के दौरान दाखिल किए गए शपथ पत्र में अपनी व पत्नी शीलम सिंह की कुल संपत्ति तीन करोड़ 60 लाख 61 हजार 115 रुपये बताते हुए स्वयं व पत्नी पर 95 लाख 95 हजार 25 रुपये का बैंक कर्ज भी बताया था।
इनके पास नकदी महज 49 हजार थी। हालांकि गुरुवार को नामांकन पत्र के साथ राकेश प्रताप की ओर से दाखिल शपथ पत्र में दर्शायी गई संपत्ति की तुलना पिछली संपत्ति से करें तो उनकी संपत्ति बढ़ने के बजाए घट गई है। इस बार दाखिल शपथ पत्र में राकेश के पास 76 लाख 82 हजार 476 रुपये की चल व एक करोड़ 30 लाख 50 हजार रुपये (कुल दो करोड़ सात लाख 32 हजार 476 रुपये) की अचल संपत्ति बताई गई है। वहीं राकेश की पत्नी शीलम के पास 21 लाख 38 हजार 997 रुपये की चल व 75.50 लाख रुपये की अचल (96 लाख 88 हजार 997 रुपये है) संपत्ति है।
दोनों लोगों की कुल संपत्ति तीन करोड़ चार लाख 21 हजार 997 रुपये है। पिछले चुनाव में दिखाई गई संपत्ति से इस बार दिखाई गई संपत्ति की तुलना करें तो राकेश व उनकी पत्नी की संपत्ति 56 लाख 39 हजार 642 रुपये कम हो गई है। राकेश के पास एक पिस्टल व एक राइफल है। उनके ऊपर विभिन्न न्यायालयों में चार वाद भी विचाराधीन हैं। राकेश व उनकी पत्नी आभूषण के भी शौकीन हैं। राकेश के पास 10 तोला सोना व दो किलोग्राम चंादी है तो उनकी पत्नी के पास 15 तोला सोना व तीन किलोग्राम चांदी है। राकेश प्रताप ने बैंक से 37 लाख 97 हजार 901 रुपये का कर्ज भी लिया है।
30 : गौरीगंज : कलेक्ट्रेट में आरओ को अपना नामांकन पत्र देते गौरीगंज के सपा प्रत्याशी राकेश प्रताप स?- फोटो : AMETHI