गौरीगंज (अमेठी)। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी मंगलवार को अमेठी आएंगी। उनका यह दौरा एक दिवसीय होगा। इस दौरान स्मृति केंद्र सरकार के आठ वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने के अलावा वरिष्ठ पार्टी कार्यकर्ताओं व संभ्रांत लोगों के साथ जयपुरिया स्कूल में लंच करेंगी।
केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि विजय गुप्ता ने बताया कि मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के आठ वर्ष पूर्ण होने के मौके पर कलेक्ट्रेट में सुबह 9:00 बजे से आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में सरकार द्वारा प्रदान की गई विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी मौजूद होंगे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वर्चुअल विधि से लाभार्थियों से संवाद करेंगे।
इसके उपरांत दोपहर 12 बजे स्मृति दुर्गन भवानी धाम के पास स्थित जयपुरिया स्कूल जाएंगी। यहां संसदीय क्षेत्र के सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के सम्मान व सहभोज कार्यक्रम में सम्मिलित होंगी। करीब तीन बजे वे सड़क मार्ग से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगी। स्मृति के अमेठी आगमन को लेकर सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं।