फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्मृति ने छात्रों को बांटे टैबलेट, सुनीं फरियाद

विज्ञापन
38 : गौरीगंज : जयपुरिया स्कूल में छात्रा का टैबलेट देतीं केंद्रीय मंत्री। -संवाद - फोटो : AMETHI
विज्ञापन
गौरीगंज (अमेठी)। अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे के अंतिम दिन केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने दुर्गन भवानी धाम स्थित सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद स्मृति ने स्कूल परिसर में ही छात्र-छात्राओं को निशुल्क टैबलेट व स्वामित्व योजना के चयनित लोगों को घरौनी वितरित करने के साथ ही स्वनिधि योजना के लाभार्थियों से बात की। इस मौके पर स्कूल के छात्र-छात्राओं ने केंद्रीय मंत्री के स्वागत में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
विज्ञापन

दौरे के दूसरे दिन केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सुबह करीब 11:30 बजे दुर्गन भवानी धाम स्थित नव निर्मित सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल पहुंचीं। यहां स्मृति ने स्कूल भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया। भवन मेें प्रवेश करते ही स्मृति ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पार्चन किया। पुष्पार्चन करके मुड़ते ही विद्यालय की डायरेक्टर मंजू मिश्रा व प्रिंसिपल स्मिता सिंह तथा संस्थापक माता प्रसाद मिश्र ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया।
इसके बाद स्मृति विद्यालय भवन के द्वितीय तल पर बने हॉल में पहुंचीं और स्वामित्व योजना के 11 लाभार्थियों को अपने हाथ से घरौनी वितरित की और यहीं पर मौजूद प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों से बात की। भवन से बाहर निकल स्मृति परिसर में ही आयोजित सभा स्थल पर पहुंचीं। यहां स्मृति ने पहले संजय गांधी पॉलीटेक्निक जगदीशपुर के सात व आईटीआई गौरीगंज चार के विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किया।
विज्ञापन

टैबलेट वितरण के बाद स्कूल के बच्चों ने संास्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर स्मृति का स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में स्मृति ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि शिक्षा के क्षेत्र में अमेठी प्रगति कर रहा है। साथ ही सरकार हर क्षेत्र में काम कर रही है। इस मौके पर डीएम राकेश कुमार मिश्र, एसपी दिनेश सिंह, सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर, डीआईओएस उदयप्रकाश मिश्र, बीएसए डॉ. अरविंद कुमार पाठक, एएओ आशुतोष मिश्र समेत अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यापक-अध्यापिकाएं और बड़ी संख्या में लाभार्थी और स्कूल के बच्चे मौजूद रहे।
नीतू को इसरो ले जाएंगी स्मृति
टैबलेट वितरण के दौरान चयनित लाभार्थियों में शामिल संजय गांधी पॉलीटेक्निक जगदीशपुर की छात्रा नीतू ने सांसद से इसरो जाने की इच्छा जताई। उसकी बात पर पहले तो स्मृति मुस्करा कर रह गईं। हालांकि बाद में स्मृति ने मंच से लोगों को संबोधित करने के दौरान नीतू की इच्छा का खुलासा किया। कहा वे एक माह के भीतर नीतू को न सिर्फ इसरो भेजकर घुमाएंगी बल्कि उसे वहां की उपलब्धियों व कार्यक्रमों से अवगत कराएंगी।
कार्यक्रम में यह रहे मौजूद
स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय परिवार से जुड़े लोगों के अलावा भाजपा नेता दलजीत सिंह, जिला महामंत्री सुधांशु शुक्ल, भाजयुमो जिलाध्यक्ष विषुव मिश्र आदि मौजूद रहे।
फरियादियों से मिलीं केंद्रीय मंत्री
स्वामित्व योजना के चयनित लाभार्थियों से मिलकर बाहर निकलते समय कुछ फरियादियों ने स्मृति को घेर लिया। गौरीगंज के शाहगढ़ ब्लॉक के कई गांवों से पहुंचे लोगों ने स्मृति से गुलालपुर ड्रेन से प्रत्येक वर्ष होने वाली समस्या से निजात दिलाने की मांग की। इसके अलावा दर्जिन का पुरवा गांव से आए कुछ लोगों ने स्मृति से नालियों के चोक होने की शिकायत की। स्मृति ने तत्काल डीएम को बुलाकर दोनों समस्याओं का निदान कराने का निर्देश दिया।
दीवानी संचालन की मांग
जिला मुख्यालय पर दीवानी संचालन की मांग को लेकर मंगलवार को जिला बार एसोसिएशन का एक प्रतिनिधि मंडल स्मृति से मिला। बार एसोसिएशन अध्यक्ष राजकरन तिवारी, सचिव उमाशंकर मिश्र व वरिष्ठ अधिवक्ता उमाशंकर पांडेय के नेतृत्व में पहुंचे अधिवक्ताओं ने दीवानी न्यायालय का संचालन प्रत्येक दशा में जिला मुख्यालय पर ही करने की मांग की।
अध्यापक बन बैठीं केंद्रीय मंत्री
जयपुरिया स्कूल का उद्घाटन करने जा रहीं स्मृति मनीपुर से मुड़ते ही संचालित प्रकाश सरस्वती शिशु मंदिर के सामने रुक गईं। यहां स्मृति बच्चों के एक क्लास में पहुंचीं और उन्हें पढ़ाने लग गईं। स्मृति ने बच्चों से पूछा कि कोई बच्चा बताए म से क्या होता है। एक बच्चे ने कहा मां। यह सुनते ही स्मृति खुश हो गईं। स्मृति उसके पास पहुंचीं और हाथ मिलाया।
ओदारी में चौपाल लगाकर सुनी लोगों की समस्या
फुरसतगंज (अमेठी)। केंद्रीय मंत्री महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार स्मृति ईरानी ने अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन बहादुरपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत ओदारी में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसामान्य की समस्याओं को सुनने के बाद मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का निर्देश दिया।
चौपाल के दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद स्थापित किया। उन्हें स्वीकृति/प्रमाण पत्र वितरित किया। इस दौरान उन्होंने चौपाल में मौजूद गर्भवती महिलाओं की गोद भराई किया तथा छह माह के बच्चों को प्रथम बार अन्नप्राशन कराया। सांसद ने गर्भवती महिलाओं को अपने खानपान में पौष्टिक आहार व हरी सब्जियों को शामिल करने को कहा।
इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाभी तथा पेंशन, स्वयं सहायता समूह, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय, श्रम विभाग के अंतर्गत सामूहिक विवाह योजना इत्यादि के लाभार्थियों को स्वीकृति/प्रमाण पत्र वितरित किया। इस मौके पर डीएम राकेश कुमार मिश्र, एसपी दिनेश सिंह, सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर, एडीएम वित्त एवं राजस्व एसपी सिंह, एडीएम न्यायिक आरके द्विवेदी, एसडीएम तिलोई फाल्गुनी सिंह समेत अन्य अधिकारी, जन प्रतिनिधि व बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें