संग्रामपुर : घायलों का प्राथमिक उपचार करते फार्मासिस्ट। -संवाद
- फोटो : AMETHI
संग्रामपुर (अमेठी)। स्थानीय थाना क्षेत्र के गांव कैटी मजरे सरैया कनू में रविवार सुबह पुराने भूमि विवाद व पेड़ की डाल काटने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट में एक मासूम समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख सभी को सीएचसी अमेठी रेफर कर दिया गया।
स्थानीय थाना क्षेत्र के गांव कैटी निवासी लीलावती के पेड़ की डाल पड़ोसी श्याम सुंदर काट रहे थे। आरोप है कि जब लीलावती ने इसका विरोध किया तो श्याम सुंदर और उनके पुत्र अनंत विक्रम (19) उन पर हमलावर हो गए। धारदार हथियार और डंडे से वार कर लहूलुहान कर कर दिया। मारपीट में लीलावती, उनकी बेटी खुशबू और काजल तथा दूसरे पक्ष के श्याम सुंदर सिंह और उनके पुत्र अनंत विक्रम गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों पक्षों की मारपीट के दौरान गांव के शेर बहादुर सिंह का पांच वर्षीय पुत्र सत्यम सिंह वहीं खेल रहा था जो इनके बीच में आ गया। सत्यम भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायलों को इलाज के लिए सीएचसी लाया गया जहां चिकित्सकों ने सभी की हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी अमेठी रेफर कर दिया। दूसरे पक्ष के श्याम सुंदर के भाई राधेश्याम के अनुसार लीलावती का पक्ष पहले से घात लगाए बैठा था। खेत से लौट रहे भतीजों पर उन लोगों ने हमला कर दिया। बीच बचाव करने गए भाई श्याम सुंदर को भी घायल कर दिया। पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर प्रकरण की जांच में जुटी है।