अमेठी सिटी। एमपी-एमएलए की स्पेशल सेशन कोर्ट सुल्तानपुर में पूर्व मंत्री जंग बहादुर सिंह सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ चल रहे हत्या के मुकदमे की सुनवाई मंगलवार को गवाह की अनुपस्थिति के कारण नहीं हो सकी। अभियोजन पक्ष के गवाह जगदंबा सिंह तय तारीख पर अदालत में पेश नहीं हुए, जिससे मुकदमे का विचारण आगे नहीं बढ़ पाया।
मामले को गंभीर मानते हुए स्पेशल जज राकेश यादव ने गवाह के खिलाफ जमानती वारंट जारी करने का आदेश दिया। अदालत ने साक्ष्य के लिए 22 दिसंबर की अगली तारीख निर्धारित की है। न्यायालय ने यह भी स्पष्ट किया कि गवाहों की उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाएगी, ताकि सुनवाई में अनावश्यक विलंब न हो। यह मुकदमा जगदीशपुर थाना क्षेत्र के पूरे मतऊ गौरा गांव निवासी शिवकुमार यादव की ओर से दर्ज कराया गया था।
वादी ने सात अप्रैल 2001 की घटना का हवाला देते हुए अपने भाई राजकुमार यादव की साजिशन हत्या का आरोप लगाया था। मामले में पूर्व मंत्री जंग बहादुर सिंह, राम विलास तिवारी सहित सह आरोपी अशोक कुमार और विजय कुमार को नामजद किया गया था। नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में न्यायालय में विचारण चल रहा है। अदालत की अगली सुनवाई साक्ष्य के आधार पर आगे बढ़ेगी।