बुधवार दिन में शुरू हुई बारिश के साथ चली तेज हवाओं से कई स्थानों पर पेड़ गिरने से विद्युत पोल व तार टूटने से आपूर्ति बाधित हो गई। बुधवार रात करीब दस बजे से शुरू मूसलाधार बारिश गुरुवार पूरे दिन चली। ऐसे में पावर कारपोरेशन के कर्मचारियों को विद्युत फाल्ट ढूंढने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
जगह-जगह जलभराव होने के चलते बंद आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी। शुक्रवार सुबह बारिश बंद होने पर कर्मचारी फाल्ट ढूंढने में जुट तो गए लेकिन देर शाम तक पूरी तरह ठीक नहीं कर सके। हालांकि दोपहर तक तकरीबन टाउनशिप की लाइनें चला दी गईं। लेकिन ग्रामीण क्षेत्र की आपूर्ति पूरी तरह से बहाल नहीं हो सकी।
देर शाम तक ज्यादातर उपकेंद्रों से लाइनें चलाई गईं लेकिन सभी फीडर पूरी तरह नहीं चल सके। ऐसे में लोग बारिश के बीच अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। वहीं बिजली न होने से पीने के पानी के लिए भी दिक्कतें आ रही हैं। वहीं ग्रामीण इलाकों में लोग मोमबत्ती के सहारे भोजन पकाने को मजबूर हो गए।
चल रही कोशिश
पावर कॉरपोरेशन के अधीक्षण अभियंता आरपी प्रसाद ने बताया कि कर्मचारी व अफसर फॉल्ट ठीक करने में जुटे हैं। ग्रामीण इलाकों के साथ कुछ बड़े संस्थानों की आपूर्ति बहाल करने की कोशिश की जा रही है।