गौरीगंज (अमेठी)। जिला मुख्यालय स्थित रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन से जल्द ही ट्रेनों का संचालन शुरू होगा। काफी दिन पूर्व बनकर तैयार हुए इस प्लेटफॉर्म से ट्रेनों के संचालन के प्रस्ताव पर रेलवे के सुरक्षा विभाग की मुहर लग गई है। सुरक्षा विभाग की मंजूरी के बाद संचालन विभाग ने प्लेटफॉर्म नंबर तीन से अप साइड की ट्रेनों को संचालित करने का निर्देश दिया है। प्लेटफॉर्म संख्या तीन का संचालन शुरू होने से विभाग को ट्रेनों की क्रॉसिंग में सहूलियत मिलेगी तो यात्रियों का भी समय बचेगा।
रेल विभाग लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक का विद्युतीकरण व दोहरीकरण करने के साथ यात्री सुविधाएं बढ़ाने में जुटा है। अमेठी-लखनऊ के बीच दोहरीकरण ट्रैक पर ट्रेन संचालित करने के साथ ही गौरीगंज रेलवे स्टेशन का भवन उच्चीकृत किया जा चुका है।
ट्रेनों की क्रॉसिंग के दौरान होने वाली परेशानी को दूर करने के लिए रेल विभाग ने गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या दो के साथ तीन के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की थी। स्वीकृति के बाद कार्यदायी संस्था ने प्लेटफार्म दो के साथ तीन को भी निर्माण व ट्रैक बिछाने का काम पूरा किया। ट्रैक बिछाने के बाद साइडिंग के लिए अलग ट्रैक भी स्टेशन परिसर में तैयार किया जा चुका है।
साइडिंग ट्रैक तैयार होने के बाद संचालन विभाग ने सुरक्षा विभाग को पत्र जारी कर प्लेटफॉर्म संख्या तीन के पूर्ण होने की बात कहते हुए परीक्षण कर संचालन की मंजूरी देने का अनुरोध किया था। संचालन विभाग के पत्र पर सुरक्षा विभाग ने मानकों का परीक्षण करने के बाद प्लेटफॉर्म संख्या तीन से यात्री ट्रेनों के संचालन को मंजूरी प्रदान की है।
सुरक्षा विभाग की मंजूरी मिलने के बाद संचालन विभाग ने प्लेटफॉर्म संख्या तीन से यात्री ट्रेनों के संचालन को स्वीकृति प्रदान की है। प्लेटफॉर्म संख्या तीन से अप साइड की ट्रेनों का संचालन होने से क्रॉसिंग के नाम पर अब ट्रेनों को विलंब नहीं होगा। साथ ही विभाग को सहूलियत मिलेगी।
तीन प्लेटफॉर्म का तीसरा स्टेशन
लखनऊ-प्रतापगढ़-प्रयाग रेल ट्रैक पर सिर्फ रायबरेली व प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन ही ऐसे हैं जहां तीन प्लेटफॉर्म हैं। सुरक्षा व संचालन विभाग की अनुमति मिलने के बाद करीब 230 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर गौरीगंज तीसरा ऐसा रेलवे स्टेशन होगा जहां तीन प्लेटफॉर्म होंगे।
700 मीटर लंबा है प्लेटफॉर्म
गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर तैयार प्लेटफार्म संख्या तीन 700 मीटर लंबा है। एक मीटर ऊंचे इस प्लेटफॉर्म पर यात्री ट्रेन के संचालन की सारी सुविधाएं मौजूद हैं। प्लेटफॉर्म को ट्रैक विद्युतीकरण से जोड़ दिया गया है। अप/डाउन दोनों साइड का ट्रैक जुड़ा होने से आवश्यकता पड़ने पर दोनों साइड से ट्रेन का संचालन हो सकेगा।
फिलहाल संचालित हो रहीं मालगाड़ी
प्लेटफार्म संख्या तीन से यात्री ट्रेन संचालन को भले ही मंजूरी मिल गई हो लेकिन अभी तक यात्री ट्रेन संचालित नहीं की गई है। विभाग अभी इस प्लेटफॉर्म से सिर्फ मालवाहक ट्रेनों का संचालन शुरू किया है।
मिलेगी सहूलियत
कटरा लालगंज निवासी धर्मेंद्र शुक्ल ने बताया कि अब तक ट्रेनों का संचालन प्लेटफॉर्म संख्या एक व दो से होता था। इससे भीड़ होती थी। अब भीड़ से निजात मिलेगी। गौरीपुर के वेद प्रकाश मिश्र ने कहा कि अब ट्रेनों की क्रॉसिंग समय से बचत होगी। जामो के पूरे चितई के रहने वाले राम प्रकाश ने कहा कि प्लेटफॉर्म संख्या तीन से यात्रियों को ट्रेन पर चढ़ने व उतरने मेें सहूलियत होगी। सराय भागमानी निवासी संतराम व राजबहादुर ने कहा कि विभाग को अब सभी ट्रेनों का ठहराव गौरीगंज में सुनिश्चित करना चाहिए जिससे यात्रियों को ज्यादा सहूलियत मिल सके।
जल्द संचालित होंगी यात्री ट्रेन
स्टेशन मास्टर प्रवीण सिंह ने प्लेटफॉर्म संख्या तीन से यात्री ट्रेन संचालन को मंजूरी मिलने की बात स्वीकार की। कहा कि अभी ट्रैक पर सभी ट्रेनों का संचालन नहीं होने से प्लेटफॉर्म संख्या एक व दो से यात्री ट्रेन संचालित की जा रही हैं। जल्द ही प्लेटफॉर्म संख्या तीन से अप यात्री ट्रेनें संचालित की जाएंगी।