दुकान में लगी सेंध। -स्थानीय नागरिक
जामों (अमेठी)। स्थानीय कस्बे में संचालित मोबाइल की दुकान को शुक्रवार रात चोरों ने निशाना बना लिया। नकब लगाकर दुकान में घुसे चोरों ने करीब पांच लाख के मोबाइल फोन व 50 हजार की नरदी पार कर ली। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई जिसकी रिकॉर्डिंग वायरल हो रही है।
थानाक्षेत्र के विश्राम का पुरवा मजरे उमराडीह निवासी शशिधर मिश्र उर्फ राहुल मिश्र स्थानीय कस्बे के जामों-गौरीगंज मार्ग पर मिश्रा मोबाइल शाप के नाम दुकान चलाते हैं। शुक्रवार रात चोरों ने मोबाइल की दुकान को निशाना बना लिया। दुकान में नकब लगाकर घुसे चोरों ने पांच लाख के नए मोबाइल फोन व 50 हजार की नकदी उड़ा ली।
शनिवार को राहुल दुकान पहुंचे तो सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की पूरी वारदात कैद हो गई। एसएचओ विनोद सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर चोरी का मामला दर्ज कर जांच करवाई की जा रही। चोरी के खुलासे के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही सामान बरामद करते हुए मामले का खुलासा किया जाएगा।