गौरीगंज (अमेठी)। जिले की 682 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष 174 पंचायतें पंचायत भवन विहीन हैं। 158 पंचायतों में मनरेगा योजना से तो 16 गांवों में राष्ट्रीय ग्राम रोजगार अभियान के तहत पंचायत भवन बनाने का निर्णय जिला प्रशासन ने लिया है। डीएम ने 111 पंचायतों में भवन बनाने के लिए वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है तो 16 की सूची शासन को भेज दी गई है।
शासन के निर्देश पर सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन मुहैया कराने की मुहिम जिला प्रशासन ने शुरू की। पिछले दिनों डीएम अरुण कुमार ने डीपीआरओ को पंचायत भवन विहीन वाली ग्राम पंचायतों में भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराते हुए प्रस्ताव मांगा था। डीएम के निर्देश पर डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने ऐसी पंचायतों को चिन्हित कराकर भूमि मुहैया कराते हुए प्रस्ताव तैयार कराने का निर्देश सभी एडीओ पंचायत को दिया था।
डीपीआरओ ने बताया कि 16 ग्राम पंचायतों में भवन निर्माण के लिए राष्ट्रीय ग्राम रोजगार अभियान के तहत तो 158 ग्राम पंचायतों में मनरेगा, राज्य व 15वें वित्त आयोग से भवन निर्माण कराने का निर्णय लिया गया है। बताया कि प्रत्येक पंचायत भवन निर्माण पर 17.78 लाख रुपये की लागत निर्धारित की गई है। कहा कि भूमि उपलब्ध कराने पर 111 पंचायतों में भवन निर्माण के लिए जिलाधिकारी की ओर से वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति दे दी गई है।
संबंधित पंचायतों के ग्राम प्रधान व सचिव को मानक का पालन कराते हुए इसी वित्तीय वर्ष में भवन निर्माण पूरा कराने का निर्देश दिया गया है। 16 पंचायतों की सूची शासन को भेज दी गई है। शासन से स्वीकृति व धनावंटन के बाद वहां भी निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।