सेमरीबाजार (सुल्तानपुर)। जयसिंहपुुर कोतवाली क्षेत्र से गुजरे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह घने कोहरे के चलते अलग-अलग स्थानों पर पांच वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में महिला समेत 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को यूपीडा कर्मियों ने निकट के स्वास्थ्य केंद्रों पर भर्ती कराया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को मुख्य मार्ग से हटवाकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर यातायात बहाल कराया गया।
अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के ठोकरापुर गांव निवासी रत्नेश अपने गांव के खलासी ललित कुमार के साथ मिनी ट्रक लेकर पटना जा रहा था। मंगलवार सुबह करीब सात बजे जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के दरपीपुर गांव के पास मिनी ट्रक का टायर अचानक फट गया। इससे ट्रक बीच लाइन पर खड़ा हो गया। इस बीच पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक के चालक को घने कोहरे की वजह से बीच लाइन पर खड़ा मिनी ट्रक नहीं दिख सका। दूसरा ट्रक पहले से खड़े मिनी ट्रक से टकरा गया। इस हादसे में मिनी ट्रक के चालक रत्नेश व खलासी ललित बाल-बाल बच गए लेकिन दूसरे ट्रक पर सवार चालक अमरोहा जिले के हसिया खेड़ा निवासी लोकेश कुमार (20) व खलासी रतन पाल (25) घायल हो गए। इसी बीच पीछे से आ रही कार लोकेश के ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी की कार के परखच्चे उड़ गए।
दुर्घटना में कार चालक गाजीपुर जिले के मधुबन निवासी चालक उपेंद्र सिंह (30) व कार में बैठे उसके पिता सुदामा (60) को गंभीर रूप से घायल हो गए। कार पर सवार अन्य तीन लोगों को मामूली चोटें आई हैं। यूपीडा कर्मियों ने एंबुलेंस की मदद से सातों घायलों को सीएचसी दोस्तपुर भेजवाया गया। वहां उपेंद्र व उसके पिता सुदामा की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया गया। बाकी पांच लोगों का इलाज चल रहा है। क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से रास्ते से हटवाकर यातायात बहाल कराया गया।
दूसरी घटना पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के कूरेभार टोल प्लाजा के पास हुई। आजमगढ़ जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र के आशापुर निवासी चालक सुनील निषाद ट्रक लेकर मंगलवार सुबह गाजीपुर जा रहा था। वह गलती से कूरेभार टोल से चढ़कर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पूरब की ओर ट्रक मोड़ने लगा। तभी गाजीपुर की ओर से आ रही कार ट्रक के डाला से टकरा गई। इस घटना में ट्रक चालक सुनील तो बच गया लेकिन कार सवार चालक कलाम (28) निवासी दोहरीघाट, इरशाद (30), परवीन (25) निवासीगण मकरी थाना मोहम्मदाबाद जिला मऊ गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं। तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कूरेभार से मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया।