04 : गौरीगंज : रेफरल अस्पताल में स्थापित हो रहे जनरेशन ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण करते डीएम।
- फोटो : AMETHI
गौरीगंज (अमेठी)। तिलोई स्थित रेफरल अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट जल्द शुरू होगा। शनिवार को डीएम ने अस्पताल व उत्पादन इकाई का निरीक्षण कर जिम्मेदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। उत्पादन प्लांट शुरू होने के बाद अस्पताल में 100 बेडों पर पाइप केे माध्यम से सीधे ऑक्सीजन की आपूर्ति होने से उपचार में चिकित्सकों को सहूलियत होगी।
कोरोना की दूसरी लहर में ऑक्सीजन की कमी पर जिला अस्पताल समेत कई स्थानों पर ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना का कार्य शुरू कराया गया था। असैदापुर स्थित जिला अस्पताल परिसर व जगदीशपुर के ट्रॉमा सेंटर में ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट की स्थापना का कार्य अंतिम दौर में है।
जल्द ही तिलोई के रस्तामऊ स्थित रेफरल अस्पताल (प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज) में भी ऑक्सीजन उत्पादन इकाई शुरू हो जाएगी। शनिवार को डीएम ने ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. आशुतोष दुबे ने बताया कि प्लांट से प्रतिदिन 750 एलपीएम ऑक्सीजन का उत्पादन होगा।
उत्पादित ऑक्सीजन अस्पताल में पाइपलाइन के माध्यम से 100 बेडों तक पहुंचेगी। डीएम ने बताया कि ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट शुरू होने से कोविड की संभावित तीसरी लहर में ऑक्सीजन के लिए कहीं भटकना नहीं पड़ेगा।
अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों को ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी। बताया कि बच्चों के लिए बेड सुरक्षित करने के साथ ही अन्य लोगों के भी संक्रमित होने पर इलाज मुहैया कराने की तकरीबन तैयारी कर ली गई है। इलाज के लिए अब किसी को भी कोई दिक्कत नहीं होगी। जिले में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन का उत्पादन होने से संक्रमितों के उपचार में सहूलियत होगी तो जरूरत पडने पर गैर जनपद को भी आपूर्ति की जाएगी।