अमेठी। परतोष स्थित ग्राम भारती में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान से संबद्ध जन शिक्षा समिति काशी प्रांत की ओर से आयोजित नवचयनित आचार्य प्रशिक्षण में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 विषय पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में वक्ताओं ने आचार्यों की सामाजिक जिम्मेदारी भी बताई। भारतीय शिक्षा परिषद के सचिव एवं क्षेत्रीय प्रशिक्षण प्रमुख दिनेश सिंह ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति की आवश्यकता क्यों पड़ी के सभी बिंदुओं पर पीपीटी के माध्यम से चर्चा की। बताया कि शिक्षा नीति बनाने के बाद पाठ्यक्रम बनाया जाता है, उसके बाद पाठ्यपुस्तक का निर्माण व शिक्षण कार्य किया जाता है।
कहा कि हमारी शिक्षा नीति भारत केंद्रित होनी चाहिए। नई शिक्षा नीति भारत केंद्रित है। कहा कि अंग्रेजों ने हमारे पाठ्यक्रम को तोड़ मरोड़ कर प्रस्तुत किया था।
प्रशिक्षण के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 से संबंधित वीडियो सभी को सुनाया गया। कार्यक्रम को प्रदेश निरीक्षक राजबहादुर दीक्षित, सुल्तानपुर संभाग निरीक्षक अयोध्या प्रसाद मिश्र, काशी प्रदेश मंत्री अनुग्रह नारायण मिश्र, प्रधानाचार्य संतोष मिश्र ने संबोधित किया। इस मौके पर संभाग निरीक्षक वीरेंद्र सिंह, देवेंद्र पांडेय समेत 80 प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।