गौरीगंज (अमेठी)। संग्रामपुर थाने के शुकुलपुर गांव में मंगलवार शाम दबंगों ने छत्त के रास्ते प्रवेश कर कुनवे की लाठी-डंडों व धारधार हथियार से जमकर पिटाई की। विवाद के बाद ग्रामीणों को आता देख दबंग मौके से भाग निकले। दबंगों के भाग जाने के बाद ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को देते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्रौढ़ को मृत घोषित करते हुए चिकित्सक अन्य घायलों का उपचार करने में जुटे है। सूचना पर गांव में भारी फोर्स तैनात करने के साथ अस्पताल पहुंचकर एसपी ने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
संग्रामपुर थाने के शुकुलपुर गांव निवासी राजेंद्र कुमार मिश्र (56) मंगलवार शाम मकान में चल रहे निर्माण को छत्त पर खड़े होकर निर्माण कार्य को देख रहे थे कि इसी बीच पड़ोसी अशोक कुमार शुक्ल, वागीश शुक्ल, चंद्रभान शुक्ल, गौरव शुक्ल, सत्यम शुक्ल व सागर शुक्ल छत्त के रास्ते राजेंद्र की छत्त पर आ गए। राजेंद्र कुछ समझ पाते इससे पहले अशोक शुक्ल व उनके साथ आए लोगों ने लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला बोला। राजेंद्र की चीख सुनकर छत्त पर आए उनके बेटे सत्यप्रकाश, वेदप्रकाश, सूर्य प्रकाश व बहू निरजन मिश्र, रूबी व गर्भवती श्रद्धा की भी पिटाई शुरू कर दी है।
शोर सुनकर ग्रामीणों को आता देख सभी छत्त के रास्ते मौके से भाग निकले। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को देते हुए घायलों को सीएचसी अमेठी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने राजेंद्र को मृत घोषित करते हुए अन्य घायलों का उपचार शुरू कर दिया। विवाद व घायल के मृत होने की सूचना मिलते हुए गांव में भारी फोर्स तैनात करते हुए एसपी डॉ.ख्याति गर्ग, सीओ अमेठी पीयूषकांत राय, सीओ गौरीगंज अर्पित कपूर अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में एसपी ने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी लेते हुए टीम गठित कर आरोपियों को गिरफ्तारी का निर्देश दिया है।
मौत के बाद गांव में मचा हड़कप
शुकुलपुर गांव निवासी राजेंद्र की मौत के बाद गांव में हड़कंप मच गया है। परिवारीजन का जहां रो-रोकर बुरा हाल है वहीं गांव में चारों तरफ सन् नाटा पसर गया है। पुलिस कर्मियों की चहल-पहल गांव के सन्नाटे तो तोड़ रही है लेकिन अचानक हुई घटना से ग्रामीण स्तभ है तो किसी घर चुल्हे नहीं चले।
अस्पताल में उमड़ी भीड़
राजेंद्र की मौत की सूचना सार्वजनिक होने के बाद अस्पताल में भीड़ उमड़ पड़ी। भारी भीड़ को देखते हुए अस्पताल परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया। राजेंद्र की मौत से लोग में आक्रोश बढ़ रहा है तो पुलिस किसी तरह विवाद को शांत करने की कोशिश में जुटी है।
जल्द होगी गिरफ्तारी: एसपी
एसपी डॉ.ख्याति गर्ग ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। पूरे प्रकरण की जांच-पड़ताल के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की है। गांव में एतिहातन फोर्स तैनात की गई है।