जायस (अमेठी)। ब्लॉक क्षेत्र बहादुरपुर की ग्राम पंचायत बहादुरपुर में पिछले करीब एक माह से मनरेगा अंतर्गत गोशाला का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों का अब तक भुगतान नहीं किया गया। मजदूरी मांगने पर जिम्मेदार मनरेगा के खाते में पैसा न होने की बात कहते हैं।
बेसहारा पशुओं को संरक्षित करने के लिए ग्राम पंचायत बहादुरपुर में मनरेगा के तहत गोशाला का निर्माण कार्य चल रहा है। प्रतिदिन करीब 30 से 40 श्रमिक कार्य कर रहे हैं। लगातार करीब एक माह तक कार्य करने के बावजूद श्रमिकों को मजदूरी नहीं मिली है। समय पर मजदूरी न मिलने से मजदूरों को अपना घर चलाने में कठिनाई उठानी पड़ रही है।
मजदूर त्रिभुवन, हनुमान, राजेश, खेलावन तथा सुशील आदि ने बताया कि एक महीने कार्य करते हो गए लेकिन अभी तक मजदूरी नहीं दी गई। कहा कि इस समय नवरात्र चल रहा है। शुक्रवार को दशहरा है। ऐसे में काम करने के बावजूद पैसे न मिलने से त्योहार पर बच्चों की खरीदारी के साथ ही अन्य काम बाधित हो रहा है।
मजदूरों के अनुसार इसकी शिकायत बीडीओ से की गई। बावजूद इसके खाते में पैसा न होने तथा जल्द ही पैसा आते ही भुगतान की बात कही जा रही है। वहीं ग्राम प्रधान फूलकली ने बताया कि श्रमिकों की मजदूरी के लिए प्रतिदिन अधिकारियों से कहा जा रहा है। बावजूद इसके अब तक किसी भी श्रमिक को मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया।
बहादुरपुर बीडीओ राजेश शर्मा ने बताया कि श्रमिकों की मजदूरी के लिए उच्चाधिकारियों से बात की गई है। कहा कि अभी तक मनरेगा साइट पर पैसा नहीं आया है। पैसा आते ही जल्द भुगतान कर दिया जाएगा।