10 : बाजार शुकुल : बंद पड़ा आशीषपुर स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर। -संवाद
- फोटो : AMETHI
शुकुल बाजार (अमेठी)। गैर संचारी रोगों की जांच व इलाज के लिए ब्लॉक क्षेत्र के छह गांवों में खोले गए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में उद्घाटन के बाद से ही ताला बंद है। यह स्थिति इन केंद्रों पर नियुक्त सीएचओ की ड्यूटी अन्यत्र लगा देने से उपजी है। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों के बंद रहने से ग्रामीणों को सीएचसी या जिला अस्पताल की दौड़ लगानी पड़ रही है।
प्रदेश सरकार ने दिल्ली में चल रहे मोहल्ला क्लीनिक की तर्ज पर ब्लॉक क्षेत्र की डेढ़ लाख से अधिक आबादी के लोगों को गैर संचारी रोगों की जांच उपचार मुहैया कराने के लिए जिले भर में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खोले गए थे। इस दौरान ब्लॉक क्षेत्र के दारानगर, फुंदनपुर, बरसंडा, बाहरपुर, आशीषपुर व गयासपुर में भी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का भवन बनाया गया था।
इसमें गयासपुर को छोड़कर सभी पांच सेंटरों पर सीएचओ (सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी) की नियुक्ति कर दी गई। यह केंद्र पूरी तरह से अस्तित्व में आ पाते इसके पहले उक्त पांचों कर्मचारियों की ड्यूटी टीकाकरण में लगा दी गई। इससे सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर ताला बंद हो गया है।
हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर आशीषपुर की सीएचओ प्रीति गुप्ता ने बताया की गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग करते हुए मरीजों को उचित इलाज के लिए सलाह दी जाती है। समय रहते लोगों को जब बीमारी की जानकारी हो जाती थी तो इलाज करा कर ज्यादातर लोग ठीक हो जाते हैं। किंतु हम लोगों की ड्यूटी टीकाकरण में लगा दी गई। ऐसी स्थिति में सेंटरों पर ताला बंद हो गया।
जल्द शुरू होगा संचालन
सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुशील चंद्र शुक्ल ने बताया कि कोविड-19 महामारी के चलते टीकाकरण में कर्मचारियों की कमी होने के कारण उच्चाधिकारियों के आदेश पर ड्यूटी लगा दी गई है। टीकाकरण समाप्त होते ही सभी को उनके सेंटरों पर वापस कर दिया जाएगा।