अमेठी। गौरीगंज थाने के नरौली गांव में तालाब की भूमि पर जेसीबी मशीन से खोदाई की शिकायत पर जांच करने गांव पहुंचे लेखपाल राहुल रंजन की दबंग ने पिटाई कर दी। ग्रामीणों के बीच-बचाव के बाद लेखपाल ने पूरे मामले की रिपोर्ट एसडीएम को दी।
एसडीएम राकेश कुमार के निर्देश पर पुलिस ने दबंग के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं लेखपाल की पिटाई की सूचना सार्वजनिक होने के बाद गुरुवार को लेखपाल आक्रोशित हो गए।
गौरीगंज थाने के नरौली गांव में तैनात राजस्व लेखपाल राहुल रंजन बुधवार को ग्रामीणों की शिकायत पर सरकारी अभिलेख में दर्ज तालाब की भूमि पर जेसीबी मशीन से खोदाई की जांच करने मौके पर पहुंचे। लेखपाल के पहुंचने के पहले तालाब से मशीन हटा दी गई थी।
लेखपाल को मौके पर जेसीबी मशीन से तालाब की खोदाई होने के साक्ष्य मिलने तथा राजस्व अभिलेख में तालाब होने की पुष्टि हुई। इसी दौरान वहां मौजूद गांव निवासी अलीशेर से लेखपाल ने खोदाई के बारे मेें पूछा तो वह भड़क गया।
जांच के दौरान तालाब मत्स्य पालन के लिए गांव के श्रीनाथ को आवंटित होने की बात सामने के आने के बाद लेखपाल आवंटी से जानकारी कर रहा था कि इसी अलीशेर ने लेखपाल पर अचानक हमला बोल लेखपाल की पिटाई शुरू कर दी।
ग्रामीणों के बीच-बचाव के बाद लेखपाल तहसील पहुंचा और मामले की जानकारी एसडीएम राकेश कुमार को दी। प्रभारी निरीक्षक परशुराम ओझा ने बताया कि एसडीएम के निर्देश पर लेखपाल की तहरीर पर अलीशेर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।