32 : संग्रामपुर : ठेगहा गांव में राजमिस्त्री व मजदूर की पिटाई के वायरल वीडियो का स्क्रीन शॉट। -संवाद
- फोटो : AMETHI
संग्रामपुर (अमेठी)। थाना क्षेत्र के ठेंगहा में शनिवार को मजदूरी करने गए अनुसूचित जाति के राजमिस्त्री व मजदूर को एक युवक ने हॉकी से पीट दिया। मामले की शिकायत लेकर पीड़ित थाने पहुंचे तो एसएचओ ने उन्हें ही थाने में बैठा लिया। वहीं इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अफसरों के हस्तक्षेेप पर केस दर्ज कर पीड़ितों को छोड़ा गया।
संग्रामपुर थाना क्षेत्र के ठेंगहा निवासी राजमिस्त्री निर्मोही व मजदूर राम सजीवन शनिवार को संग्रामपुर थाने पहुंचे। दोनों ने तहरीर देकर पुलिस को बताया कि वे अपने गांव के ही कोटेदार संतोष वैश्य के यहां मजदूरी करने गए थे। वे पहुंचे ही थे कि अचानक संतोष के पड़ोसी रामेंद्र प्रताप हॉकी लेकर पहुंच गए और जाति सूचक शब्दों से गाली देते हुए हम दोनों की हॉकी से पिटाई की।
पीड़ितों की बात सुनने के बाद एसएचओ परशुराम ओझा ने उन्हेें ही थाने पर बैठा लिया। इसी बीच संतोष के घरवालों ने मारपीट के दौरान बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही उच्चाधिकारियों ने इसका संज्ञान लिया। अफसरों के हस्तक्षेप के बाद संग्रामपुर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर लिया है। संग्रामपुर एसएचओ परशुराम ओझा ने बताया कि घटना संज्ञान में है कार्रवाई की जा रही है। दोनों को थाने में बैठाने की बात निराधार है।
31 : संग्रामपुर : ठेगहा गांव में राजमिस्त्री व मजदूर की पिटाई के वायरल वीडियो का स्क्रीन शॉट। -संवाद- फोटो : AMETHI