अमेठी। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में जिम्मेदारों की मनमानी समाप्त होने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को ताला स्थित मुकुटनाथ इंटर कॉलेज में अंग्रेजी विषय की परीक्षा में नियमों के विपरीत विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की तैनाती कर सामूहिक नकल कराने की शिकायत सार्वजनिक हुई है। मामले की शिकायत मिलने के बाद डीआईओएस ने दो सदस्यीय जांच टीम गठित करते हुए तीन दिन में विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से 18 फरवरी से शुरू हुई हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में परीक्षा केंद्रों से जुड़े शिक्षकों की मनमानी समाप्त होने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को हाईस्कूल के अंग्रेजी विषय की परीक्षा के दौरान विषय विशेषज्ञ शिक्षकों को कक्ष निरीक्षक के रूप में तैनात कर सामूहिक नकल की शिकायत सार्वजनिक हुई है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीआईओएस ने जीआईसी फुरसतगंज के प्रधानाचार्य संदीप चौधरी व राबिया राजकीय हाईस्कूल अफुइया के अनिल कुमार की अगुवाई में दो सदस्यीय टीम गठित करते हुए तीन दिन में विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की है। डीआईओएस ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज से कक्ष निरीक्षकों की पहचान करते हुए उनके शैक्षिक अभिलेखों की पड़ताल करते हुए सभी बिंदुओं पर जांच करने का निर्देश दिया है।
डीआईओएस जयकरन लाल वर्मा ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित विषय के शिक्षकों को कक्ष निरीक्षक के रूप में तैनात करना गलत है। परीक्षा के दिन ही सुबह नए केंद्र व्यवस्थापक ने कार्यभार ग्रहण किया था। पुराने केंद्र व्यवस्थापक की ओर से ड्यूटी लगाई गई थी। जांच टीम की रिपोर्ट में अंग्रेजी विषय की परीक्षा में अंग्रेजी विषय के शिक्षकों की ड्यूटी लगाने की पुष्टि होने पर जिम्मेदार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।