फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिला मुख्यालय पर हरी लकड़ी से सुलग रहे अलाव

विज्ञापन
04 : गौरीगंज : सब्जी मंडी तिराहे पर अलाव के लिए रखी गई यूकेलिप्टस की हरी लकड़ी। -संवाद - फोटो : AMETHI
विज्ञापन
गौरीगंज (अमेठी)। लोगों को ठंड से बचाने के लिए शासन-प्रशासन की कोशिश को जिम्मेदार फ्लॉप करने में जुटे हैं। अलाव के मद में राशि मिलने के बाद भी जहां ग्रामीण क्षेत्रों में अलाव नहीं जल रहे वहीं शहरी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हरी लकड़ी से अलाव सुलगाकर कागजी खानापूर्ति की जा रही है। सर्वाधिक भीड़-भाड़ वाले रेलवे स्टेशन व जिला अस्पताल परिसर तक में अलाव नहीं जल रहा है।
विज्ञापन

निराश्रितों व असहाय लोगों के अलावा जरूरी कार्य से निकले राहगीरों को ठंड से बचाने के लिए शासन के निर्देश पर तिराहों-चौराहों व सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने की व्यवस्था है। इस वर्ष भी सभी तहसीलों को अलाव जलवाने के लिए 50-50 हजार रुपये आवंटित किए गए हैं। राशि आवंटन के बाद डीएम अरुण कुमार ने सभी एसडीएम को प्रमुख स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था।
निर्देश के बावजूद जिम्मेदार अलाव जलवाने में रुचि नहीं ले रहे हैं। आलम यह है कि ग्रामीण क्षेत्र में तो कहीं भी अलाव नहीं जलाए गए। जिला मुख्यालय समेत शहरी क्षेत्र में जहां अलाव जलाने की व्यवस्था की भी गई है तो उनमें हरी लकड़ी का प्रयोग किया जा रहा है। ऐसे में अलाव जलने के बजाए किसी तरह सुलग रहे हैं।
विज्ञापन

कागजों में भले ही कई स्थानों पर अलाव जलाया जा रहा हो लेकिन मुख्यालय स्थित रेलवे स्टेशन तथा असैदापुर स्थित जिला अस्पताल में अब तक अलाव नहीं जलवाया जा सका है। अलाव की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोग भीषण ठंड में परेशान हैं। डीएम के सख्त निर्देश के बावजूद जिम्मेदार अलाव व ठंड से बचाव की व्यवस्था की हकीकत देखने के लिए बाहर नहीं निकल रहे।
97 स्थानों पर अलाव जलने का दावा
जिला प्रशासन के पास मौजूद एसडीएम की रिपोर्ट के अनुसार गौरीगंज ग्रामीण क्षेत्र में 15 तो शहरी क्षेत्र में 22 स्थानों पर अलाव जल रहे हैं। इसी तरह अमेठी के ग्रामीण क्षेत्र में 14 तथा शहरी क्षेत्र में 10 तो तिलोई तहसील के ग्रामीण क्षेत्र में 12 तथा नगर पालिका परिषद क्षेत्र में सात स्थानों पर अलाव जलाया जा रहा है। मुसाफिरखाना तहसील के ग्रामीण क्षेत्र में 15 तो शहरी क्षेत्र में दो स्थानों पर ठंड से बचाव के लिए अलाव का प्रबंध किया गया है।
की जाएगी कार्रवाई : एडीएम
एडीएम सुशील प्रताप सिंह ने बताया कि राशि आवंटन के साथ सभी एसडीएम को ठंड से बचाव के लिए अलाव जलाने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीएम की ओर से अलाव जलाने की रिपोर्ट दी जा रही है। बावजूद इसके अलाव नहीं जलाने तथा हरी लकड़ी का प्रयोग करने की जांच कराई जाएगी। जांच में अलाव नहीं जलने तथा हरी लकड़ी मिलने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें