गौरीगंज (अमेठी)। दीपावली पर्व पर गैर प्रांत व जिले से लोगों के अपने घर आने से कोविड संक्रमण बढ़ने की आशंका बढ़ गई है। त्योहारों के दौरान संक्रमण को निष्प्रभावी किया जा सके, प्रशासन इसकी तैयारियों में जुटा है। बुधवार सुबह डीएम ने एकीकृत कोविड केयर सेंटर में टीम-9 के अफसरों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कोविड टीकाकरण के साथ अस्पतालों में मौजूद उपचार संसाधनों की जानकारी ली गई।
उन्होंने कहा कि फिलहाल जिले में संक्रमण पूरी तरह समाप्त हो गया है। बावजूद इसके त्योहारों पर लोगों की लापरवाही से संक्रमण बढ़ने की आशंका को इंकार नहीं किया जा सकता। डीएम ने मोहल्ला निगरानी समितियों के साथ सर्विलांस टीम को डोर-टू-डोर जाकर जनसामान्य को जागरूक करते हुए कोविड टीकाकरण की प्रगति बढ़ाने व शत-प्रतिशत लोगों को टीके की दूसरी डोज लगाने का निर्देश दिया।
बैठक में सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर, सीएमओ डॉ. आशुतोष दुबे, एडीएम सुशील प्रताप सिंह, एडीएम न्यायिक सुधीर रूंगटा व एसडीएम संजीव कुमार मौर्य समेत टीम-9 के सभी जिम्मेदार मौजूद रहे।