मुसाफिरखाना (अमेठी)। क्षेत्र की चार साधन समिति धान खरीद लक्ष्य के दो तिहाई के करीब पहुंच चुकी हैं। समितियां लगभग 20 हजार क्विंटल धान की खरीद कर एक करोड़ 70 लाख रुपये का भुगतान भी किसानों को दे चुकी हैं। केंद्र प्रभारियों ने बताया कि समय से लक्ष्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
क्षेत्र के पलिया पूरब, नेवादा, पिंडारा व दादरा, चार साधन समितियों पर धान की खरीददारी हो रही है। पलिया पूरब के सचिव कौशलेंद्र सिंह ने बताया कि उनके केंद्र का खरीद लक्ष्य आठ हजार क्विंटल रखा गया था। केंद्र ने लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 5 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीद कर ली है। अब तक 36 लाख 15 हजार तीन सौ 84 रुपये का भुगतान भी किसानों को दिया जा चुका है।
पिंडारा के सचिव जय प्रकाश पांडेय ने बताया कि निर्धारित लक्ष्य पांच हजार क्विंटल के सापेक्ष अब तक 2872 क्विंटल धान खरीद कर 12 लाख 29 हजार 184 रुपये का भुगतान किसानों को दिलाया गया है। पिंडारा के केंद्र प्रभारी अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि उनके केंद्र का लक्ष्य आठ हजार क्विंटल था। इसके सापेक्ष 5260 क्विंटल धान खरीद कर 24 लाख 17 हजार 240 रुपये का भुगतान कराया जा चुका है।
नेवादा समिति पर दुर्गेश सिंह ने 6067 क्विंटल धान खरीद कर 34 लाख 27 हजार 60 रुपये का भुगतान किसानों को दिलाया है। कुल मिलाकर 29 हजार क्विंटल लक्ष्य के सापेक्ष समितियों पर लगभग 20 हजार क्विंटल धान की खरीद हो चुकी है।