सिंहपुर(अमेठी)। माइनर और ड्रेन की सफाई नहीं होने से कई गांव के किसान इन दिनों जलभराव की परेशानी उठा रहे हैं। खरीफ सीजन की फसल पानी से डूब जाने के बाद किसानों से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। चंदा लगा सफाई करवाना शुरू किया। इस समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की तो जिम्मेदार सक्रिय हो गए। मंगलवार को जिम्मेदार मौके पर पहुंचे और सर्वे करने के बाद जेसीबी से माइनर व ड्रेन की सफाई का काम शुरू करवाया।
सिंहपुर क्षेत्र से गुजरने वाली पंहौंना अड़वारा व बेनीपुर अलपिका व अड़वारा पंहौंना ड्रेन की सफाई नहीं होने से क्षेत्र में जलभराव की परेशानी है। टेल के किसानों को पानी नहीं मिल रहा है। जलभराव से नष्ट हो रही फसल को बचाने के लिए किसानों ने सिंचाई विभाग के साथ तहसील प्रशासन का दरवाजा खटखटाया। लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई।
हालात तो यह हो गई अड़वारा पंहौंना ड्रेन की सफाई कराने के लिए किसानों ने चंदा एकत्र कर खुद से सफाई कराने का जिम्मा उठाया। तीन किलोमीटर सफाई करने के दौरान किसानों की पीड़ा को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर प्रकाशित होने के बाद जिम्मेदार सजग हुए। शारदा सहायक खंड 41 के एसडीओ जयपाल मौके पर पहुंचे।
एसडीओ ने पंहौंना अड़वारा व बेनीपुर अलपिका ड्रेन का स्थलीय निरीक्षण कर जेसीबी से खुदाई प्रारंभ करवा दी है। बताया कि माइनर की सफाई का काम एक-दो में पूरा हो जाएगा, इसके बाद किसानों जलभराव की परेशानी से पूरी तरह निजात मिल जाएगी।