अमेठी। स्वच्छता के प्रति बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए बुधवार को ताला स्थित मुकुटनाथ इंटर कॉलेज में विविध कार्यक्रम हुए। इनमें स्वच्छता के महत्व पर प्रतियोगिता के साथ गोष्ठी हुई। गोष्ठी में वक्ताओं ने मानव जीवन में सफाई के महत्व को बताते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे रोपित करने की अपील की। मेधावियों को सम्मानित करते हुए डीआईओएस ने लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करते हुए सफलता हासिल करने के टिप्स दिए।
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत बृहस्पतिवार को माध्यमिक शिक्षा विभाग के निर्देशन में ताला स्थित मुकुटनाथ इंटर कॉलेज में समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में बच्चों के बीच साफ-सफाई व स्वच्छता, कोविड से बचाव, पर्यावरण संरक्षण, आजादी की लड़ाई में महात्मा गांधी के योगदान समेत कई बिंदुओं पर पोस्टर, चित्रकला, वाद-विवाद, निबंध व भाषण प्रतियोगिता आयोजित हुई।
डीआईओएस जयकरन लाल वर्मा ने बच्चों को मानव जीवन में सफाई का महत्व बताते हुए लक्ष्य निर्धारित कर शिक्षा ग्रहण करने तथा सफलता हासिल करने के टिप्स दिए। कार्यक्रम में वक्ताओं ने बच्चों को आजादी की लड़ाई में वीरों के योगदान की जानकारी देते हुए आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के बारे में बताया।
इस दौरान बच्चों को कोविड संक्रमण से बचाव के लिए प्रोटोकॉल नियमों की जानकारी देते हुए अपने आसपास की सफाई करने व गंदा पानी जमा न होने देने की जानकारी दी। कई वक्ताओं ने महिला सशक्तिकरण व शिक्षा पर जोर देते हुए छात्राओं को आत्मरक्षा की जानकारी दी।
परिसर में पौधरोपण करते हुए बच्चों को पर्यावरण संरक्षण व जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के बाद प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर आरिफ हुसैन, प्रबंधक मुकेश मोहन शुक्ल, प्रधानाचार्य अरुणदेव मिश्र, दयाशंकर, गिरिजाशंकर शुक्ल व उपासना तिवारी समेत बड़ी संख्या में शिक्षक व बच्चे मौजूद रहे।