गौरीगंज (अमेठी)। ज्योति पर्व दीपावली बृहस्पतिवार को जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। दीपावली पर्व पर दिन में लोगों ने दुकानों से आतिशबाजी के अलावा मिठाई व अन्य सामनों की खरीदारी की। देर शाम घर, दुकान के साथ सार्वजनिक स्थानों पर मिट्टी के दीपक प्रज्ज्वलित कर आतिशबाजी की। लक्ष्मी-गणेश और कुबेर की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और धन धान्य से परिपूर्ण होने का आशीर्वाद मांगा।
दीपावली पर्व बृहस्पतिवार को जिले में हर्षोल्लास से मनाया गया। दीपावली पर्व पर लोगों ने सुबह दुकानों से पटाखों के साथ मिठाई, लाई, चूरा आदि की खरीदारी करने के साथ ही अपने घर व दुकान की साफ-सफाई की। देर शाम लोगों ने घर व दुकानों को मिट्टी के दीपक, मोमबत्ती व झालरों से रोशन किया। देर शाम लोगों ने मकानों व प्रतिष्ठानों में दीप प्रज्ज्वलन के बाद लक्ष्मी-गणेश और कुबेर की पूजा की।
पूर्जा-अर्चना कर धन धान्य से परिपूर्ण होने का आशीर्वाद मांगा। व्यवसायियों ने सुबह अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर तो देर शाम घरों में पूजन-अर्चन किया। सुबह से शुरू यह क्रम देर रात तक चलता रहा। शाम होते ही चारों ओर पटाखों की आवाजें गूंजने लगीं। क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों पर भी देर शाम से दीपक जलाने का काम शुरू हुआ जो रात तक चलता रहा। पर्व के दूसरे दिन व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे।
दीपक और झालरों से रोशन हुए गांव व शहर
अमेठी। प्रकाश पर्व दीपावली का पर्व गुरुवार को पारंपरिक तरीके से हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। महंगाई को दरकिनार कर त्यौहार में लोगों ने जमकर उत्साह दिखाया। दिन ढलते ही महल, अट्टालिकाएं, घर, प्रतिष्ठान और झोपड़ी रोशन हो गईं। पटाखों, फुलझड़ियों और रोशनी से शहर और गांव जगमगा उठे। दुकानों पर दिनभर लोगों की भारी भीड़ दिखाई पड़ी।
पटाखा, चूरा, चिरई, लाई, गट्टा, पूजन सामग्री एवं मिठाई की दुकानों पर अन्य दुकानों की अपेक्षा ज्यादा भीड़ रही। शहर के रामलीला मैदान मे लगी पटाखों की दुकानों पर खूब भीड़-भाड़ रही। शहर में दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। लोगों ने घरों और प्रतिष्ठानों में शाम को मां लक्ष्मी, गणेश जी और कुबेर की पूजा अर्चना की। परंपरा के अनुरूप मिट्टी के दीए जलाए गए। घरों में बने पकवान और मिष्ठान खिलाकर लोगों ने दीपावली के त्यौहार पर खुशियां बांटी। (संवाद)
बच्चों से लेकर बुजुर्गों ने की मौज-मस्ती
भेटुआ। दीप पर्व पर बच्चों ने पटाखों के साथ रंग बिरंगी फुलझड़ियां जलाईं। दीपावली पर शहरों के साथ-साथ गांव के घर भी रोशन रहे। बच्चों के साथ घर के बड़े सदस्यों ने भी भगवान राम के अयोध्या आने की खुशी में मनाए जाने वाले दीपोत्सव पर्व पर खुशी मनाई। क्षेत्र के सेमरा गांव निवासी पंडित बाबूलाल तिवारी ने कहा कि इस पर्व की तरह हमें आपसी द्वेष को पटाखों की तरह जलाकर घर की तरह अपने मन को भी रोशन करना चाहिए।
आसमान में दिखा आतिशबाजी का नजारा
इन्हौना। गुरुवार को दीपावली के दिन बच्चों ने फुलझड़ी, धरपटक, घनचक्कर, अनार, रॉकेट समेत तमाम तरह की आतिशबाजी का लुत्फ उठाया। कंदील छोड़ने को लेकर लोगों में होड़ मची रही। लोगों ने कंदील पर अपना नाम तक लिखकर आसमान में उड़ाया।
रंगोली सजाकर किया लक्ष्मी का आह्वान
इन्हौना। कार्तिक माह में अमावस्या के दिन दीपावली का त्योहार बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। इस दिन लोग अपने घर एवं आसपास साफ-सफाई करते हैं। महिलाएं घरों के सामने रंगोली बनाकर माता लक्ष्मी एवं भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा कर धन धान्य से परिपूर्ण होने का आशीर्वाद मांगते हैं।
09 : इन्हौना : दीपावली पर्व पर अतिशाबाजी करते बच्चें। संवाद- फोटो : AMETHI