सिंहपुर (अमेठी)। प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री का ओहदा पाने वाले तिलोई विधायक मयंकेश्वर शरण सिंह ने मंत्री पद की शपथ लेने के बाद अपनी प्राथमिकता गिनाई। विधायक ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता क्षेत्र में रुके हुए विकास कार्यों को शुरू कराने के साथ तेज गति से पूरा कराना है। विधायक ने कहा कि वे सबका साथ सबका विकास के सूत्र पर काम करेंगे।
तिलोई विधायक मयंकेश्वर शरण सिंह ने शुक्रवार को लखनऊ के केसरबाग स्थित अपने आवास 19 नंबर तिलोई हाउस में क्षेत्र के लोगों से मुलाकात की। सबसे पहले लोगों की बधाई स्वीकार करने के बाद मयंकेश्वर ने लोगों से कहा कि मंत्री बनने का जो अवसर उन्हें जनता व पार्टी ने मुहैया कराया है उसे वे लोगों की सेवा में लगाएंगे।
तिलोई समेत पूरे जिले को सुविधा संपन्न बनाने की कोशिश करेंगे। तिलोई में पहले से स्वीकृत राजकीय मेडिकल कॉलेज के निर्माण को उन्होंने अपनी प्राथमिकता बताया। कहा कि किसी भी दशा में 2024 मेडिकल कॉलेज का निर्माण पूरा कर पहले बैच का प्रवेश शुरू कराना है। जायस में उच्चीकृत स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना कराना, अस्पतालों में रिक्त पदों पर चिकित्सकों की तैनाती और खास तौर पर महिला चिकित्सकों की तैनाती कराने को भी उन्होंने अपनी प्राथमिकता बताया।
दुरुस्त कराई जाएंगी सभी सड़कें
मयंकेश्वर ने कहा कि क्षेत्र की खराब सड़कों का गुणवत्ता पूर्ण निर्माण कराने की कोशिश होगी। हैदरगढ़ सेमरौता मार्ग, सिंहपुर से तिलोई मार्ग, अहोरवा भवानी से हैदरगढ़ मार्ग, सेमरौता इन्हौना मार्ग, सेमरौता से तिलोई मार्ग, सेमरौता से अलाईपुर मार्ग जिनमें से कुछ निर्माणाधीन हालत में हैं इनका निर्माण कार्य अति शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा। ग्रामीण मार्ग भी प्राथमिकता के तौर पर दुरुस्त कराए जाएंगे।
परिवहन व्यवस्था होगी सुगम
परिवहन व्यवस्था में इन्हौना में बस अड्डा का निर्माण और क्षेत्र के हैदरगढ़ वाया शिवरतनगंज सेमरौता तिलोई जायस होते हुए जिला मुख्यालय जाने के लिए रोडवेज बस की व्यवस्था को भी अपनी प्राथमिकता बताया।
शिक्षकों के रिक्त पदों पर तैनाती
शिक्षा क्षेत्र में उच्च शिक्षा के लिए तहसील स्तर पर एक राजकीय महाविद्यालय की स्थापना कराने के अलावा सभी राजकीय इंटर कॉलेजों में शिक्षकों के रिक्त पद पर शिक्षकों की तैनाती कराने का प्रयास किया जाएगा। प्राविधिक शिक्षा के क्षेत्र में इन्हौना में निर्माणाधीन भवन को शीघ्र बनवाकर कक्षाएं शुरू कराने पर जोर रहेगा।
विद्युत आपूर्ति व्यवस्था होगी दुरुस्त
विद्युत व्यवस्था में आमूल-चूल सुधार कराया जाएगा। पुरानी एवं जर्जर लाइनों को बदला जाएगा। जो बहुत लंबे फीडर हैं उनमें दूसरे विद्युत वितरण उपकेंद्र बनाए जाएंगे। पेयजल की समस्या से निजात दिलाने के लिए हर घर जल योजना के तहत सभी गांवों के प्रस्ताव शासन को भेजवाकर जल्दी टंकिया बनवाने का प्रयास होगा।
बधाई देने वालों का लगा रहा तांता
तिलोई विधायक मयंकेश्वर शरण सिंह को प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री बनने के बाद उनके लखनऊ स्थित निजी आवास पर शनिवार को भी क्षेत्र के लोगों का तांता लगा रहा। बधाई देने पहुंचने वालों में तिलोई से पूर्व भाजपा प्रत्याशी महेंद्र सिंह, भाजपा नेता धर्मेश मिश्र, सिंहपुर के ब्लॉक प्रमुख अंकित पासी, बब्लू त्रिवेदी, तेज नारायण मिश्र व भास्कर सिंह आदि शामिल रहे।