अमेठी सिटी। गौरीगंज थाना क्षेत्र के शहबाजपुर से शुक्रवार को एसटीएफ लखनऊ ने आर्म्स एक्ट में वांछित व 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद टीम आरोपी को लखनऊ ले गई है।
गौरीगंज थाना क्षेत्र के सेनीपुर गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार मिश्र उर्फ बब्बन लखनऊ के पारा थाने में 20 जुलाई को एसटीएफ की ओर से दर्ज करवाए गए आर्म्स एक्ट केस में वांछित चल रहा था। धर्मेंद्र पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था। धर्मेंद्र पर अवैध पिस्टल का कारोबार करने का आरोप है। शुक्रवार को सुबह गौरीगंज थाना क्षेत्र में एसटीएफ के उपनिरीक्षक जावेद आलम व चंद्रप्रकाश मिश्र ने टीम के साथ डेरा डाला था।
स्थानीय पुलिस की मदद से शहबाजपुर के पास से धर्मेंद्र कुमार मिश्र उर्फ बब्बन को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद गौरीगंज थाने पहुंचकर एसटीएफ ने लिखापढ़ी की और उसे लेकर लखनऊ रवाना हो गई। एसएचओ श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि एसटीएफ की टीम धर्मेंद्र कुमार मिश्र उर्फ बब्बन को गिरफ्तार कर लखनऊ ले गई है। इस मामले में कार्रवाई एसटीएफ व लखनऊ के पारा थाना स्तर से होगी।