अमेठी। कर्तव्य पालन में लापरवाही बरतने और समाज के प्रतिष्ठित लोगों व थाने पहुंचे फरियादियों से बदसलूकी करने वाले थानाध्यक्षों की कुर्सी छिनेगी। शनिवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित क्राइम मीटिंग में एसपी ने थानाध्यक्षों को अपराध में कमी लाने का निर्देश दिया।
जिले में लगातार हो रहे अपराधों पर अंकुश के लिए शनिवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में क्राइम मीटिंग आयोजित हुई। डीएम अरुण कुमार की अध्यक्षता में आयोजित अपराध गोष्ठी में सभी सर्किल सीओ के साथ ही थानों के प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष मौजूद रहे। क्राइम मीटिंग को संबोधित करते हुए एसपी दिनेश सिंह ने लंबित विवेचनाओं व भूमि विवादों का तत्काल निस्तारण कराने के साथ ही आपसी रंजिश व अपराध पर रोकथाम करने का निर्देश दिया।
एसपी ने कहा कि अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए बदमाशों के खिलाफ पाबंदी के साथ गुंडा एक्ट, जिला बदर एवं हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई की जाए। डीएम अरुण कुमार ने कोविड-19 से सुरक्षित एवं सतर्क रहते हुए अपनी-अपनी ड्यूटी का निर्वहन करने को कहा।
गोष्ठी में एडीएम वंदिता श्रीवास्तव, एएसपी दयाराम सरोज, एसडीएम संजीव कुमार मौर्या, योगेंद्र सिंह, महात्मा सिंह व रामशंकर तथा सीओ अमेठी पीयूष कांत राय, सीओ मुसाफिरखाना संतोष कुमार सिंह व प्रतिसार निरीक्षक के साथ सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।