अमेठी। पोस्टमार्टम ड्यूटी में लापरवाही चिकित्सक व फार्मासिस्ट को भारी पड़ सकती है। गौरीगंज विधायक की शिकायत पर सीएमओ ने दोनों को नोटिस जारी कर जवाब देने का निर्देश दिया है। सीएमओ ने जवाब से संतुष्ट नहीं होने की दशा में प्रतिकूल प्रविष्टि के साथ ही विभागीय कार्रवाई की संस्तुति करने की चेतावनी दी है।
मुसाफिरखाना के नंदौरा गांव निवासी कमला देवी की मकान की छत से गिरने के बाद इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए उसी दिन असैदापुर स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेजा था। शाम चार बजे तक शव पहुंचने के बाद साढ़े चार बजे तक जरूरी कागजात भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए थे।
इसके बावजूद शुक्रवार को उसका पोस्टमार्टम नहीं किया गया। इतना ही नहीं शनिवार को भी उसका पोस्टमार्टम देर शाम किया गया। स्वास्थ्य विभाग के रवैए से खफा परिवारीजनों ने इसकी शिकायत गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह से की। विधायक ने सीएमओ डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव को फोन कर लापरवाह स्वास्थ्य कर्मियों पर कार्रवाई करने को कहा।
विधायक की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने चिकित्सक व फार्मासिस्ट को नोटिस जारी किया है। नोटिस में पोस्टमार्टम ड्यूटी में लापरवाही बरतने तथा समय से पोस्टमार्टम हाउस नहीं आने के संबंध में तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है।
सीएमओ ने जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर प्रतिकूल प्रविष्टि के साथ ही विभागीय कार्रवाई की संस्तुति करने की चेतावनी दी है। सीएमओ की कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
सीएमओ की ओर से जारी नोटिस पीएम ड्यूटी के लिए नामित सीएचसी तिलोई के डॉ. दयाल शरण दुबे व फार्मासिस्ट अमित पटेल को रिसीव करा दिया गया है। सीएमओ ने बताया कि प्रथमदृष्टया चिकित्सक व फार्मासिस्ट की लापरवाही प्रतीत हो रही है।