अमेठी सिटी। राजकीय इंटर कॉलेजों में अब छात्रों को किताबी ज्ञान के साथ रोजगारपरक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। नए शैक्षिक सत्र से जिले के 36 राजकीय इंटर कॉलेजों में पांच व्यावसायिक ट्रेड शुरू किए जा रहे हैं। इसके तहत कक्षा-11 में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी अपनी पसंद के ट्रेड का चयन कर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन योजना के तहत शुरू हो रही इस व्यवस्था का लाभ जिले के हजारों विद्यार्थियों को मिलेगा। जिले के 36 राजकीय विद्यालयों में कक्षा नौ से इंटर तक करीब 48 हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
अगस्त माह से शुरू होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कंप्यूटर, फल एवं खाद्य संरक्षण, टेक्सटाइल डिजाइन तथा बेकरी-कन्फेक्शनरी समेत पांच ट्रेड में दो वर्ष का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा। डीआईओएस डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि कक्षा-11 में प्रवेश लेने वाले छात्रों को योजना का लाभ मिलेगा। इससे शिक्षा के साथ रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।