मुसाफिरखाना (अमेठी)। निजामुद्दीनपुर गांव में शुक्रवार रात घर के बरामदे में सो रहे ग्राम प्रधान की गोली मारकर की गई हत्या के दूसरे दिन भी पुलिस खाली हाथ है। खुलासे में लगी चार टीमें सर्विंलांस, आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज व मुखबिर के सहारे आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास में लगी हैं।
शुक्रवार रात करीब 12 बजे निजामुद्दीनपुर के ग्राम प्रधान गुरुशरण यादव (56) की सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। हत्या के बाद एसपी दिनेश सिंह ने एसओजी समेत चार टीमें गठित की हैं। पुलिस टीमें सर्विलांस, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज तथा स्थानीय मुखबिर के सहारे आरोपियों तक पहुंचने की फिराक में लगी हैं। हालांकि घटना के दो दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ है।
खुलासे में लगी चार टीमों के हाथ अभी कोई ठोस सबूत नहीं लग सका है। फिर भी टीमें आरोपियों तक पहुंचने के लिए हर प्रकार की कवायद में जुटी हैं। एएसपी विनोद कुमार पांडेय टीमों का सुपरविजन कर रहे हैं। पुलिस टीमें इस बात का भी पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं ग्राम प्रधान कोई ऐसी दुश्मनी तो नहीं थी। एसपी ने बताया कि टीमें लगातार जांच में जुटी हैं। कहा कि कुछ क्लू मिले हैं उस पर काम हो रहा है। बताया कि घटना का खुलासा पूरी सत्यता के साथ किया जाएगा। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।