अमेठी/सिंहपुर। मतदान केंद्र के भीतर मतदान करने के बाद वीवी पैट की फोटो खींचने के तीन मामले प्रकाश में आए। पुलिस ने दो के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। वहीं एक की खोज में पुलिस जुटी है।
चुनाव आयोग की ओर से विधानसभा चुनाव में मतदान केंद्र व परिसर के भीतर मोबाइल ले जाना पूरी तरह से प्रतिबंधित किया गया था। जिले के सभी चार विधानसभा क्षेत्र के 1620 मतदान केंद्रों पर सीआरपीएफ की तैनाती की गई थी। इनको शांतिपूर्ण निष्पक्ष संपन्न कराने के साथ ही किसी भी मतदाता द्वारा मोबाइल आदि सामग्री बूथ के भीतर नहीं ले जाने देने की भी जिम्मेदारी थी।
बावजूद इसके तीन केंद्रों पर मतदाता न सिर्फ मोबाइल अपने साथ ले गए बल्कि मतदान करने के बाद जिसके पक्ष में मतदान किए उसके निशान की फोटो वीवी पैट से खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। अमेठी कोतवाली क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर मजरे मोचवा निवासी मनोज कुमार उर्फ पिंटू यादव द्वारा रविवार को गोसाईगंज मतदान केंद्र पर वोट देते समय वीपी पैट पर प्रदर्शित निशान की फोटो व वीडियो फेसबुक पर लगा दिया।
फोटो वायरल होने पर पीठासीन अधिकारी बद्री विशाल सिंह की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इसी थाना क्षेत्र के अनिरुद्ध सिंह नाम की फेसबुक आईडी पर वीवी पैट के साथ फोटो वायरल हो रही है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि अभी उसकी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। तिलोई विधानसभा क्षेत्र के टेढ़ई गांव स्थित बूथ संख्या 54 पर रोहित त्रिपाठी ने भी वीवी पैट के साथ अपनी फोटो वायरल कर दी। जिला मुख्यालय पर संचालित कंट्रोल रूम पर मौजूद अफसरों ने इसका संज्ञान लेकर तत्काल पुलिस को सूचित किया। निर्देश मिलते ही शिवरतनगंज पुलिस रोहित को पकड़कर थाने ले गई।