शाहगढ़। अमेठी-मुसाफिरखाना मार्ग पर चंदौकी गांव के पास सोमवार को बोलेरो और बाइक की भिड़ंत में चंदौकी निवासी कपड़ा व्यवसायी राकेश अग्रहरि (55) की मौत हो गई। बोलेरो चालक प्रदीप यादव (40) भी घायल हो गया। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरातफरी मच गई।
सत्यप्रकाश ने बताया कि उनके पिता राकेश चंदौकी कस्बे में कपड़े की दुकान चलाते थे। गांव में मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। सोमवार को वह पनियार बाजार से मकान की रेलिंग का सामान ई रिक्शा पर लादकर स्वयं बाइक से घर लौट रहे थे। गांव के पास सामने से आ रही बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई और बाइक उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो खड्ड में उतर गई।
हादसे में राकेश और बोलेरो चालक प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल सुल्तानपुर भेजा, जहां डॉक्टरों ने राकेश को मृत घोषित कर दिया। प्रदीप का इलाज जारी है। इंस्पेक्टर शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत की जानकारी मिली है।
बाइक और बोलेरो को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।