भादर (अमेठी)। ब्लॉक मुख्यालय के पास स्थित खेल मैदान में चल रही 23 वीं दूल्हाराय क्रिकेट प्रतियोगिता के पांचवें दिन दो मैच खेले गए। पहले मैच में बस्ती ने सुल्तानपुर चैलेंजर को तो दूसरे मैच में भी बस्ती ने प्रतापगढ़ जिले के मंधाता से आई टीम को पराजित किया।
प्रतियोगिता के पांचवें दिन पहला मैच बस्ती व सुल्तानपुर चैलेंजर टीम के बीच हुआ। बस्ती की टीम ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी सुल्तानपुर चैलेंजर की टीम 14 ओवर में महज 98 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। बस्ती की टीम ने मात्र 10 ओवर में तीन विकेट खोकर 101 रन बनाकर मैच सात विकेट से जीत लिया। मैन ऑफ द मैच बस्ती के भास्कर रहे। भास्कर 31 गेंद में 60 रन बनाकर नाबाद रहे।
अगले चरण में पहुंची बस्ती की टीम की दूसरे मुकाबले में भिड़ंत प्रतापगढ़ जिले के मंधाता से आई टीम से हुई। बस्ती की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में आठ विकेट खोकर 132 रन बनाए। जवाब में उतरी मंधाता की टीम 15 ओवर में नौ विकेट खोकर महज 97 रन बना सकी। दूसरा मैच बस्ती ने 35 रन के बड़े अंतर से जीता। इस मैच में बस्ती टीम के सुधीर सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए। सुधीर ने 30 गेंद में 44 रन बनाए।
प्रतियोगिता में अंपायर कि भूमिका शत्रुंजय उर्फ सोनू सिंह व आशीष आरपीएफ ने निभाई। स्कोरर अजय सिंह गांधी रहे। मौके पर अंशू सिंह, आशीष सिंह, अभिषेक सिंह ब्रेटली, अनिल सिंह, नीरज सिंह, दिग्विजय सिंह, अर्जुन सिंह, रोहित सिंह, प्रदीप कुमार सिंह समेत आयोजन समिति के पदाधिकारी सदस्य मौजूद रहे।