क्रिकेट प्रतियोगिता में विजेता टीम को पुरस्कार देते कमेटी पदाधिकारी।
- फोटो : AMETHI
भादर (अमेठी)। ब्लॉक मुख्यालय के समीप चल रही 23वीं दूल्हाराय क्रिकेट प्रतियोगिता के छठें दिन दो मैच खेले गए। पहले मैच में गाजीपुर को हराकर बस्ती व दूसरे मैच में बलिया को हराकर रानीगंज टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।
पहले मैच में गाजीपुर और बस्ती की टीमों के बीच कांटे का मुकाबला हुआ। इसमें गाजीपुर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर निर्धारित 15 ओवर में नौ विकेट खोकर 108 रन बनाए। जवाब में उतरी बस्ती की टीम ने 13 ओवर में तीन विकेट खोकर 109 रन बना कर छह विकेट से जीत हासिल की। 21 बाल पर 38 रन बनाने के साथ तीन ओवर में 21 रन देकर दो विकेट लेने वाले सौरभ मैन ऑफ द मैच बने।
दूसरा मैच बलिया रानीगंज चौहर्जन के बीच खेला गया। बलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी किया। निर्धारित 15 ओवर में 82 रन बनाकर बलिया के सभी खिलाड़ी आउट हो गए। जबाब में उतरी रानीगंज की टीम ने 10 ओवर में सात विकेट खोकर 83 रन बना कर मैच दो विकेट से जीत लिया। इस जीत से बस्ती व रानीगंज की टीमें शनिवार को होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले में पहुंच गयी हैं। दूसरे मैच के मैन ऑफ द मैच रानीगंज चौहर्जन के वैदेही वल्लभ रहे। प्रतियोगिता में अंपायर की भूमिका प्रिंस सिंह व कपिल सिंह ने निभाई तो स्कोरर अजय सिंह गांधी रहे।