जामों-भादर मार्ग पर विस्फोट के बाद पड़ा सिलिंडर।
- फोटो : जामों-भादर मार्ग पर विस्फोट के बाद पड़ा सिलिंडर।
जामों। कस्बे के भादर मार्ग पर मंगलवार रात कोल्डड्रिंक के गोदाम में हुए विस्फोट का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रारंभिक जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने और गोदाम में रखे केमिकल के गर्म होने से विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है।
वहीं, विस्फोट में जान गंवाने वाले युवक के परिजन साजिशन हत्या किए जाने का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की बात कह रही है।
जिया का पुरवा गांव निवासी रमापति पांडेय से अतवारा मजरे भोए गांव निवासी सुभाष चंद्र पांडेय ने दुकानें किराये पर ली थीं। इन्हीं में कोल्ड ड्रिंक की एजेंसी खोल रखी थी। कोल्डड्रिंक के गोदाम में मंगलवार रात विस्फोट हुआ था, जिसमें गोदाम व चार दुकानें ध्वस्त हो गई थीं। इस घटना में गौरीगंज के बस्तीदेई गांव निवासी सतीश तिवारी (37) की मौत हो गई थी। सुभाष का बेटा बलराम चंद्र पांडेय हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गोदाम की वायरिंग जर्जर थी। शार्ट सर्किट से आग लगने के बाद वहां रखा केमिकल गर्म हुआ और विस्फोट हुआ। इस संभावना पर जांच आगे बढ़ रही है। बुधवार को फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और कार्बन के कुछ पार्ट्स बरामद किए। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। विस्फोट से अगल-बगल के मकानों में दरारें आने की भी बात सामने आई है।