गौरीगंज (अमेठी)। कोविड संक्रमण काल में राशन की परेशानी से बचाने के लिए संचालित प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत गुरुवार को जिले में समारोह पूर्वक अन्न महोत्सव आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में जिले में संचालित 764 कोटे की दुकानों प्रधानमंत्री का संवाद प्रसारण के बाद जनप्रतिनिधियों ने योजना की जानकारी लाभार्थियों को देते हुए बैग में राशन दिया गया।
कोविड-19 महामारी से प्रभावित लोगों की आर्थिक परेशानी को दूर करने के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत माह में दो बार वितरित होने वाले निशुल्क राशन को पारदर्शी बनाने तथा शत प्रतिशत उपभोक्ताओं को योजना से लाभान्वित करने के लिए गुरुवार को जिले में अन्न महोत्सव कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के तहत जिले के 3,54,788 कार्ड की 14,46,086 यूनिट को प्रति यूनिट पांच किलोग्राम राशन बैग में वितरित किया। जिले में संचालित 764 कोटे की दुकानों पर नामित अफसर ने जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रधानमंत्री के संवाद का सजीव प्रसारण सुनाया।
डीएसओ संजय कुमार ने बताया कि गुरुवार को आयोजित महोत्सव में सभी 764 कोटे की दुकानों पर कोविड संक्रमण से बचाव के लिए सौ-सौ उपभोक्ताओं को आमंत्रित किया गया था। जिन्हें जनप्रतिनिधियों ने बैग में राशन वितरित किया।
शेष उपभोक्ताओं को दुकान पर नामित पर्यवेक्षक बैग मेें यूनिट के अनुसार राशन वितरित कर रिपोर्ट व फोटोग्राफ्स कार्यालय में जमा करेंगे।
कार्यक्रम के तहत डीएम अरुण कुमार गौरीगंज के इटौजा पश्चिम में तो राज्यमंत्री सुरेश पासी जगदीशपुर के मंगौली तथा अमेठी विधायक प्रतिनिधि अंनत विक्रम सिंह रामदयपुर कोटे की दुकान तथा जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि रायपुर फुलवारी स्थित कोटे की दुकान पर आयोजित अन्न महोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए।