अमेठी सिटी। सहायता प्राप्त इंटर कॉलेज में कार्यरत तदर्थ शिक्षकों के अवशेष वेतन भुगतान का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। वेतन का भुगतान न होने से नाराज शिक्षकों ने डीआईओएस कार्यालय पर प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने चेतावनी देते हुए कहा है कि 13 दिसंबर तक बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया जाता है तो 14 से बेमियादी धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा।
जिले में 25 सहायता प्राप्त माध्यमिक इंटर कॉलेजों में कार्यरत तदर्थ शिक्षकों को मई 2022 से वेतन नहीं मिला है। 9 नवंबर को शासन ने बकाया वेतन के भुगतान के लिए आदेश भी जारी कर दिया लेकिन, भुगतान नहीं हुआ।
वेतन का भुगतान न होने से परेशान शिक्षक सोमवार को प्रदर्शन पर उतर आए। डीआईओएस कार्यालय पहुंचकर तदर्थ शिक्षकों ने प्रबंधक व विभाग पर बिल परीक्षण व तैयार करने के नाम पर परेशान करने समेत कई गंभीर आरोप लगाए। कहा कि वेतन न मिलने से वे आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं। परिवार की जिम्मेदारियों का भी निर्वहन नहीं कर पा रहे हैं।
प्रदर्शन के बाद शिक्षकों ने डीआईओएस रीता सिंह को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में 13 दिसंबर तक शासनादेश के अनुसार अवशेष वेतन का भुगतान न होने पर 14 दिसंबर से कार्यालय पर बेमियादी धरना-प्रदर्शन शुरू करने की चेतावनी दी है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष तदर्थ शिक्षक एसोसिएशन राहुल सिंह, राम खेलावन कश्यप, डॉ. केके मिश्र, स्वामी शरण शुक्ल, राजेंद्र पांडेय, अरुणेश मिश्र व अरविंद पाठक समेत कई तदर्थ शिक्षक मौजूद रहे।