गौरीगंज (अमेठी)। कोरोना वैक्सीन का इंतजार समाप्त हो गया। बुधवार को पुलिस बल की सुरक्षा में पहले चरण के लिए वैक्सीन की डोज अयोध्या से लाने के लिए बुधवार दोपहर बाद जिला कोल्ड चेन हैंडलर जगन्नाथ मिश्र की अध्यक्षता में टीम रवाना की गई जो शाम तक वैक्सीन लेकर लौट आई। वैक्सीन जिला स्तरीय वैक्सीन भंडार गृह में रखवा दी गई। वैक्सीन की सुरक्षा के लिए सशस्त्र पुलिस बल तैनात किए गए हैं जो चक्रवार 24 घंटे उसकी सुरक्षा करेंगे।
वैक्सीन भंडार गृह का अफसरों ने निरीक्षण कर सुरक्षा व कोल्ड चेन कर्मियों को दिशा-निर्देश भी दिया। सीएमओ ने बताया कि जिले को वैक्सीन की कुल 9,760 डोज आवंटित की गई है। 16 जनवरी को जिले के सभी 13 सीएचसी पर चिह्नित लाभार्थियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। एक दिन पूर्व 15 जनवरी को वैक्सीन की डोज जिला भंडार गृह से पुलिस सुरक्षा में सभी केंद्रों पर स्थित कोल्ड चेन में सुरक्षित रखवाई जाएंगी। सीएचसी पर भी वैक्सीन की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किए जाएंगे। (संवाद