गौरीगंज (अमेठी)। जामो क्षेत्र के एक पंप पर सोमवार रात पेट्रोल न मिलने से खफा कुछ लोगों ने हंगामा और तोड़फोड़ की। इस बीच कुछ लोगों को पंप की ओर आता देख हमलावर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह घटना जगदीशपुर-ढकवा मार्ग पर भोए बाजार के पास स्थित माता वैष्णो फीलिंग स्टेशन पर सोमवार रात हुई। दो वाहनों से पहुंचे छह लोगों ने सेल्समैन से पेट्रोल भरने को कहा। सेलमैन ने रात में पंप बंद होने की बात कही तो वाहन सवार पांच-छह लोग नाराज हो गए और पंप पर तोड़फोड़ शुरू कर दी।
विरोध पर सेलमैन को जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर आसपास लोग पेट्रोल पंप की तरफ बढ़े तो हमलावर मौके से भाग निकले। पेट्रोल पंप के सेलमैन राम अभिलाष यादव ने मामले की जानकारी पंप मालिक तथा पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे पंप मालिक ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि वाहन सवारों की तलाश की जा रही है।