गौरीगंज (अमेठी)। राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए डीएम ने अफसरों के साथ कलेक्ट्रेट में कर-करेत्तर व राजस्व वसूली की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान लक्ष्य के अनुसार वसूली नहीं होने पर डीएम ने जिम्मेदारों को फटकार लगाते हुए तहसीलदार अमेठी व तिलोई से जवाब तलब किया।
परिवहन, आबकारी, विद्युत, व्यापार कर, नगर-निकाय समेत अन्य विभागों में लक्ष्य के अनुसार राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के लिए डीएम अरुण कुमार ने जिम्मेदारों के साथ बैठक की। समीक्षा के बाद डीएम ने कम वसूली करने वाले रेगुलर व सीजनल अमीनों को चिह्नित कर उन पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
डीएम ने ऑडिट आपत्तियों का समय से निस्तारण सुनिश्चित कराने को कहा। सभी एसडीएम, तहसीलदार व नायब तहसीलदार को अवैध कब्जों, वरासत के साथ स्वामित्व योजना को समय से पूरा कराने का निर्देश दिया।
डीएम ने इस दौरान भूमि आवंटन की समीक्षा करते हुए मत्स्य पालन हेतु आवंटन करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान एडीएम न्यायिक सुधीर रूंगटा, सभी एसडीएम, जिला आबकारी अधिकारी आरके वर्मा, एक्सईएन विद्युत व एआरटीओ प्रशासन मौजूद रहे।