गौरीगंज (अमेठी)। कोविड संक्रमण की तीसरी लहर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार देर शाम आई रिपोर्ट में एक साथ 72 लोगों के पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। संबंधित क्षेत्र की रैपिड रिस्पांस टीमों को संक्रमित के घरों के लिए रवाना कर दिया गया।
कोरोना की तीसरी लहर में जगदीशपुर इंडस्ट्रीयल एरिया में संचालित इंडोगल्फ फर्टिलाइजर कंपनी व बीएचईएल कोरोना के मामले में जिले का हॉटस्पॉट बनता जा रहा है। तीसरी लहर में अधिकांश लोग संक्रमितों के संपर्क में आने से पॉजिटिव हो रहे हैं तो कई में कोविड के मामूली लक्षण पाए जा रहे हैं।
शुक्रवार देर शाम आई सैंपलों की रिपोर्ट में 16 दिनों में सबसे अधिक 72 संक्रमित पाए गए। इसमें सर्वाधिक संक्रमित इंडोगल्फ में तीन व बीएचईएल में चार तो यूपीएसआईडीसी में एक परिवार के तीन लोग समेत जगदीशपुर ब्लॉक क्षेत्र में कुल 24 संक्रमित मिले हैं। ब्लॉक क्षेत्र जामो में आठ, भेटुआ, गौरीगंज व मुसाफिरखाना में आठ-आठ, अमेठी व संग्रामपुर में पांच-पांच संक्रमित मिले हैं।
इसी तरह भादर ब्लॉक क्षेत्र में दो, सिंहपुर व तिलोई क्षेत्र में एक-एक तो चार अन्य लोग शामिल हैं। रिपोर्ट में 35 लोग संक्रमितों के संपर्क में आने से तो 14 लोगों में कोरोना के मामूली लक्षण पाए गए हैं। रिपोर्ट मिलते ही संबंधित ब्लॉक क्षेत्र की रैपिड रिस्पांस टीमों को सक्रिय कर दिया गया। टीमें उक्त संक्रमित के घर पहुंचकर प्रोटोकॉल के तहत कार्यवाही करने में जुटी हैं।
सभी को किया गया होम आइसोलेट
कोरोना के नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. राम प्रसाद ने कहा कि सभी संक्रमितों की तबीयत ठीक है। इसलिए सभी संक्रमितों को होम आइसोलेट किया जा रहा है। टीमें पूरी तरह से सक्रिय हैं। सभी को तत्काल कोरोना संबंधी दवाएं मुहैया कराकर उन्हें सावधानी बरतने की विस्तार से जानकारी दी जा रही है। संक्रमित के गांव व उनके संपर्क में आए लोगों को भी चिह्नित कर उनकी सैंपलिंग कराई जा रही है।