फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: जिले के 700 युवाओं को मिलेगी स्वरोजगार की राह

Sun, 05 Jan 2025 12:42 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
विज्ञापन
अमेठी सिटी। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रदेश सरकार ने सीएम युवा उद्यमी योजना की शुरुआत की है। इसके तहत युवाओं को सर्विस और मैन्युफैक्चरिंग की इकाइयां लगाकर स्वरोजगार शुरू करने का अवसर मिलेगा। इसके लिए बिना ब्याज के पांच लाख रुपये तक के ऋण की सुविधा भी मिलेगी जिसमें कोई बैंक गारंटी की जरूरत नहीं होगी। योजना के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिले में 700 युवाओं को योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
विज्ञापन

कौशल विकास मिशन के तहत जहां प्रशिक्षण देकर युवाओं को स्वरोजगार के लिए तैयार किया जा रहा हैं, वहीं लघु व मध्यम उद्योग में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार ने सीएम युवा उद्यमी योजना की शुरुआत की है। जिला उद्योग विभाग की ओर से इस योजना के तहत 21 से 40 साल तक के आठवीं पास युवाओं को उद्योग लगाने में सहयोग किया जाएगा।

इन इकाइयों की स्थापना पर मिलेगा बिना ब्याज ऋण
योजना के तहत सर्विस सेक्टर क्षेत्र के फूड प्रोसेसिंग में ब्रेड बेकिंग यूनिट, बिस्किट एंड कुकीज प्रोडक्शन, सोया मिल्क मेकिंग यूनिट, स्नैक्स मेकिंग यूनिट, समोसा मेकिंग एंड पैकेजिंग, पेठा मेकिंग यूनिट सहित कई प्रकार की खाद्य सामग्री तैयार करने वाली इकाइयां लगा सकते हैं। इसी तरह एग्री एंड एग्री फूड बिजनेस में पिकल प्रोडक्शन, स्पाइस ग्राइंडिंग यूनिट, हनी एक्सट्रैक्शन एंड पैकेजिंग, पीनट बटर मेकिंग यूनिट, विनेगर मेकिंग यूनिट, मशरूम प्रोडक्शन एंड प्रोसेसिंग यूनिट, गजक मेकिंग यूनिट, चटनी एंड सास मेकिंग यूनिट सहित अन्य इकाइयां स्थापित कर सकते हैं।
विज्ञापन

इनके अलावा पनीर एंड चीज मेकिंग यूनिट, नट्स टोस्टिंग एंड पैकेजिंग यूनिट, कंपोस्ट प्रोडक्शन एंड पैकेजिंग, वर्मी कंपोस्ट प्रोडक्शन एंड पैकेजिंग, मिल्क प्रोसेसिंग एंड पैकेजिंग, फिश फार्मिंग एंड प्रोसेसिंग, ब्यूटी पार्लर, योगा ट्रेनिंग सेंटर, बैटरी रिपेयरिंग एंड चार्जिंग, पैथोलॉजी सैंपल कलेक्शन सेंटर, बुटीक शॉप, फ्लैक्स प्रिंटिंग बिजनेस, स्वीट शॉप, फूड रेस्टोरेंट, आइसक्रीम पार्लर आदि समेत कई सर्विस व मैन्युफैक्चरिंग इकाइयों की स्थापना भी की जा सकती है।

सात को कार्यशाला, 24 को योजना का शुभारंभ
सीएम युवा उद्यमी योजना के तहत सात जनवरी को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम निशा अनंत की मौजूदगी में बैठक होगी। बैठक में पात्रों को योजना की जानकारी देने संग बेकर्स को ऋण पत्रावलियों के निस्तारण की जानकारी दी जाएगी। सभी विभाग के अफसरों को योजना का प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने की विधि बताई जाएगी। इसके अतिरिक्त 24 जनवरी को लखनऊ में मुख्यमंत्री ऋण वितरण कर योजना का शुभारंभ करेंगे। जिले में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किया जाएगा।

यह है पात्रता
योजना में शामिल होने के लिए न्यूनतम कक्षा आठ उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, ओडीओपी प्रशिक्षण योजना, एससी-एसटी व ओबीसी प्रशिक्षण योजना, उप्र कौशल विकास मिशन के अंतर्गत प्रशिक्षित या किसी मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थान से स्किल संबंधी सर्टिफिकेट, डिग्री व डिप्लोमा आदि प्राप्त युवा ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

ऑनलाइन करना होगा आवेदन
सीएम युवा उद्यमी योजना के तहत जिले को 700 युवा उद्यमी तैयार करने का लक्ष्य दिया गया है। योजना का लाभ लेने के लिए विभाग की वेबसाइट msme.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
विज्ञापन

- दिनेश चौरसिया, उपायुक्त, जिला उद्योग केंद्र
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें