फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: कड़ाके की ठंड से बेपटरी हुआ जनजीवन

Sat, 04 Jan 2025 12:30 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
 गौरीगंज शहर में ठंड के बीच गर्म कपड़े पहन गुजरतीं छात्राएं।
विज्ञापन
अमेठी सिटी। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी होने का व्यापक असर जिले में भी देखने को मिल रहा है। पिछले चार दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड ने लोगों के जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। बहुत जरूरी काम होने पर ही घर से निकल रहे हैं। स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं व नौकरी-पेशा के लोगों को इस मौसम में ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। पिछले नौ दिनों में अधिकतम तापमान 12 डिग्री तक लुढ़क गया है। जबकि न्यूनतम में पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
विज्ञापन

शुक्रवार सुबह घने कोहरे की चादर छाई रही। थोड़ी दूर तक का भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। इसके चलते यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ। कुछ गाड़ियां हेडलाइट जलाकर सड़कों पर रेंगती नजर आईं। आसमान में दिनभर बादल छाए रहे। इस दौरान बर्फीली हवाओं से बच्चे, युवा व बुजुर्ग सभी के हाल बेहाल नजर आए। लोग गर्म कपड़ों और रूम हीटर के सहारे सर्दी से राहत पाने के लिए जुगत करते रहे। सर्दी के चलते बाजारों में भी कम भीड़ नजर आई।
दिन में कोहरा कम होने पर लोगों को आने-जाने में थोड़ी सुविधा हुई, लेकिन पछुआ हवा के चलने से लोग ठंड से ठिठुरते रहे। पूरे दिन गलन के चलने से कई स्थानों पर लोग अलाव तापते नजर आए।
विज्ञापन


लगातार गिरता रहा तापमान
दिनांक - अधिकतम - न्यूनतम
26 दिसंबर - 25.0 - 10.0
27 दिसंबर - 25.5 - 10.5
28 दिसंबर - 22.0 - 13.0
29 दिसंबर - 21.0 - 12.0
30 दिसंबर - 19.0 - 9.0
31 दिसंबर - 15.0 - 11.0
01 जनवरी - 14.0 - 7.5
02 जनवरी - 15.0 - 5.5
03 जनवरी - 12.0 - 5.0

अच्छी होगी गेहूं की पैदावार
रबी सीजन की मुख्य फसल गेहूं के लिए ठंड का बढ़ना फायदेमंद है। उप निदेशक कृषि सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि ठंड व कोहरा बढ़ने से गेहूं की पैदावार अच्छी होगी। आलू, सब्जी के साथ ही फूल वाली दलहनी-तिलहनी फसलों के लिए कोहरा नुकसानदायक होता है। इन फसलों पर पाला पड़ने से रोग लगने की आशंका बढ़ जाती है। पाले से बचाव के लिए किसानों को खेत की मेड़ पर धुआं करना चाहिए। खेत में नमी बनाई रखनी चाहिए। इसके साथ ही दवाओं का छिड़काव करना चाहिए।

वाहन चलाते समय बरतें सावधानी
यातायात प्रभारी शोभनाथ ने बताया कि कोहरे में दृश्यता कम हो जाती है। ऐसे में सड़क हादसे बढ़ जाते हैं। कोहरे में चालक को वाहन की गति नियंत्रित रखनी चाहिए। जिला अस्पताल में कार्यरत फिजिशियन डॉ. शुभम पांडेय ने बताया कि सर्दी से खांसी, जुकाम, अस्थमा के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। इन बीमारियों की अनदेखी नहीं करनी चाहिए। समय से चिकित्सक को दिखाएं, साथ ही खानपान पर विशेष ध्यान रखें।

रूम हीटर व ब्लोअर की बढ़ी मांग
ठंड बढ़ने के साथ ही अलाव, रूम हीटर व ब्लोअर का जोरों से उपयोग शुरू हो गया है। ऐसे में इन सामानों का बाजार गर्म हो गया है। पुराने हीटर व ब्लोअर की मरम्मत से लेकर नए उपकरणों की खरीदारी बढ़ी है। ठंड से निजात दिलाने वाले उपकरण बाजार में 500 से लेकर तीन हजार रुपये तक में उपलब्ध हैं।

छाए रहेंगे बादल
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। हवा की गति 2.7 किमी प्रति घंटा रही। हवा उत्तर-पश्चिम दिशा में चली। बताया कि 24 घंटे तक मध्यम से घने बादल छाए रहने के आसार हैं, बारिश नहीं होगी। औसत तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है और शीतलहर जारी रहने के आसार हैं।

10 जनवरी तक बंद रहेंगे आठवीं तक के सभी स्कूल
जिले में संचालित सभी बोर्ड के आठवीं तक के विद्यालयों में चार से 10 जनवरी तक अवकाश रहेगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने बताया कि सीबीएसई, आईसीएसई, मान्यता प्राप्त विद्यालय, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय सहित सभी बोर्ड के आठवीं तक के विद्यालय बंद रहेंगे। इस अवधि में यदि कोई विद्यालय संचालित पाया गया तो संबंधित प्रधानाचार्य व प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें