गौरीगंज/अमेठी। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत अंत्योदय/पात्र गृहस्थी कार्ड प्राप्त कर राशन प्राप्त करना अपात्रों को भारी पड़ेगा। विभाग की ओर से जांच शुरू करने की अपील के बाद जिले में 70 अपात्रों ने पूर्ति विभाग के पास अपना राशन कार्ड सरेंडर कर दिया है। कार्ड सरेंडर करने में वालों में सर्वाधिक 13 मुसाफिरखाना ब्लॉक के उपभोक्ता शामिल हैं।
राशन की परेशानी से गरीब परिवार को बचाने के लिए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन व प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत जिले में 70,378 लोगों के अंत्योदय व 2,80,727 लोगों के पात्र गृहस्थी राशन कार्ड बनाए गए हैं। मौजूदा समय कार्डधारकों को माह में दो बार निशुल्क राशन के साथ एक बार एक किलोग्राम चना व नमक के साथ एक लीटर खाद्य तेल कोटे की दुकान से वितरित किया जा रहा है।
पूर्ति विभाग के पास लगातार गरीब परिवार कार्ड बनवाने के लिए आवेदन कर रहे हैं। शासन से अंत्योदय व पात्र गृहस्थी कार्ड का लक्ष्य निर्धारित होने से कार्ड नहीं बन पा रहा है। यह स्थिति तब है जब अपात्रों का राशन कार्ड बना होने तथा राशन लेने की शिकायतें आम हैं। अपात्रों की ओर से निशुल्क राशन लेने की जानकारी के बाद पूर्ति विभाग जांच कर कार्रवाई करने के मूड में आ गया है।
जांच के पहले पूर्ति विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील जारी करते हुए अपात्रों से अपने-अपने राशन कार्ड पूर्ति कार्यालय में जमा करने को कहा है। विभाग की अपील पर पूर्ति विभाग से संचालित निशुल्क राशन योजना का लाभ उठा रहे अपात्र लोग स्वेच्छा से अपना राशन कार्ड सरेंडर कर रहे है। पूर्ति विभाग के आंकड़ों के अनुसार तक जिले में अलग-अलग ब्लॉकों के 70 उपभोक्ताओं ने राशन कार्ड सरेंडर किया है।
विभाग ने दोबारा अपील जारी करते हुए अपात्र कार्डधारकों को सात दिन में अपना राशन कार्ड जमा करने की छूट देते हुए जांच कर कार्रवाई शुरू करने की बात कही है। विभाग ने जांच के दौरान अपात्र मिलने की दशा में प्राप्त किए गये राशन की रिकवरी (गेहूं 24 व चावल 32 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से) करने के साथ ही केस दर्ज कराने की भी चेतावनी दी है।
कार्ड सरेंडर करने वालों की ब्लॉकवार संख्या
पूर्ति विभाग की चेतावनी के बाद अब तक जिले के 70 अपात्र लोगों ने अपना राशन कार्ड सरेंडर किया है। जिसमें मुसाफिरखाना ब्लॉक के 13, जगदीशपुर 12, जामो व गौरीगंज सात-सात, भादर, संग्रामपुर व शाहगढ़ में छह-छह, अमेठी व सिंहपुर में चार-चार, भेटुआ व तिलोई में तीन-तीन तथा बहादुरपुर व बाजार शुकुल ब्लॉक में एक-एक उपभोक्ता ने स्वेच्छा से अपना राशन कार्ड सरेंडर कर दिया है।
जिले में हैं 3.50 लाख कार्ड धारक
पूर्ति विभाग के पास मौजूद आंकड़ों के अनुसार जिले में वर्तमान में 3,51,105 कार्डधारक हैं। जिसमें पात्र गृहस्थी योजना में 2,80,727 कार्ड तथा अंत्योदय योजना में 70,378 कार्ड शामिल हैं। दोनों योजनाओं में कुल 14,67,402 यूनिट हैं। इन सभी कार्डधारकों को हर माह नियमित राशन के साथ ही प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के राशन का लाभ दिया जा रहा है।
अभियान में होगी जांच
जिला पूर्ति अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि शासन के निर्देश पर संयुक्त टीम गठित कर गांव-गांव राशन कार्डधारक की पात्रता का परीक्षण किया जाएगा। परीक्षण के दौरान अपात्र मिलने के पर रिकवरी के साथ कार्रवाई की जाएगी। डीएसओ ने अपात्र उपभोक्ताओं से स्वेच्छा से राशन कार्ड जमा करने की अपील करते हुए कार्रवाई से बचने की बात कही है।
चेतावनी के बाद भी कार्ड सरेंडर नहीं कर रहे अपात्र
सिंहपुर (अमेठी)। वसूली की चेतावनी के बाद भी जिले के अपात्र परिवारों ने राशन कार्ड सरेंडर करने में कोई रुचि नहीं दिखाई है। अभी तक तिलोई तहसील के तीनों विकास क्षेत्रों में महज आठ लोगों ने ही अपने राशन कार्ड सरेंडर किये हैं। शासन वसूली कराता है तो बड़ी संख्या में अपात्र परिवारों पर कार्रवाई होनी तय है। तिलोई आपूर्ति कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार तिलोई तहसील के सिंहपुर विकास क्षेत्र में चार, तिलोई विकास क्षेत्र में तीन, और बहादुरपुर ब्लॉक में एक राशन कार्ड ही सरेंडर हुए हैं।
तहसील क्षेत्र में 88,040 कार्ड धारक
तिलोई तहसील में कुल 88,040 कार्ड धारक हैं। इनकी कुल यूनिट 3,62,076 हैं। इनमें पात्र गृहस्थी के 61,478 कार्ड धारक हैं, जिन्हें 2,97,244 यूनिट खाद्यान्न दिया जा रहा है। 16,562 अंत्योदय कार्ड धारकों को 56,554 यूनिट खाद्यान्न मिल रहा है। पूर्ति निरीक्षक के अनुसार अपात्रों से गेहूं की 24 रुपये प्रति किलोग्राम, चावल 32 रुपये प्रति किलोग्राम और नमक, तेल, चने की वसूली बाजार मूल्य की दर से की जाएगी।
योजना में यह लोग हैं अपात्र
- सभी आयकर दाता
- ऐसे परिवार जिनके किसी भी सदस्य के पास चार पहिया वाहन, ट्रैक्टर, एसी या पांच केवी या उससे अधिक क्षमता का जेनरेटर हो
- ऐसे परिवार जिसके किसी सदस्य के पास अकेले या अन्य के स्वामित्व में पांच एकड़ से अधिक सिंचित भूमि हो
- ऐसे परिवार जिनके सभी सदस्यों की आय दो लाख रुपये प्रतिवर्ष से अधिक हो
- ऐसे परिवार जिसके किसी सदस्य के पास अकेले या अन्य सदस्य के स्वामित्व में 100 वर्ग मीटर से अधिक का स्वअर्जित आवासीय प्लॉट या उस पर स्वनिर्मित मकान अथवा 100 वर्ग मीटर से अधिक कार्पेट एरिया का आवासीय फ्लैट हो
- ऐसे परिवार जिसके किसी सदस्य के स्वामित्व में अकेले या अन्य सदस्य के साथ 80 वर्ग मीटर या उससे अधिक एरिया का व्यावसायिक स्थान हो
- ऐसे परिवार जिनके सदस्यों के पास शस्त्र लाइसेंस हों।
दूसरे का आधार फीड कर हड़पा जा रहा राशन
सिंहपुर (अमेठी)। तिलोई में शनिवार को आयोजित तहसील दिवस में अपर आयुक्त अयोध्या मंडल के समक्ष कोटेदार द्वारा राशन वितरण में की जा रही धांधली की शिकायत ग्रामीण द्वारा की गई है।
तहसील क्षेत्र के रतवलिया मंझार गांव के कूटी गांव निवासी हंसराज पाल ने समाधान दिवस में दिए गए शिकायती पत्र में कहा है कि गांव सभा निवासी सुरेंद्र कुमार बीते कई सालों से दिल्ली में रह कर मेहनत मजदूरी कर अपना पेट पाल रहा है। वह अपने परिवार में अकेला व्यक्ति है। उसके नाम गांव में अंत्योदय राशन कार्ड जारी किया गया है।
बताते हैं कि राशन खारिज करने की नियत से गांव की ही धनराजा की पुत्री प्रियंका का नाम सुरेंद्र के कार्ड से जोड़कर बीते कई सालों से हर माह मिलने वाले राशन को ठिकाने लगाया जा रहा है। वहीं शिकायतकर्ता हंसराज ने लिखा है कि मेरे पिता का नाम राशनकार्ड में इसलिए नहीं जोड़ा गया क्योंकि वह चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पेंशन धारक हैं। जबकि ग्राम प्रधान के नाम भी राशन कार्ड बना हुआ है और उसमें उसके प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के बेटे की पत्नी का नाम दर्ज है। वहीं गांव की कोटेदार कंचन लता ने स्वयं अपने नाम का राशन कार्ड बना रखा है। शिकायतकर्ता ने शिकायत की जांच तिलोई के पूर्ति निरीक्षक से न कराकर किसी अन्य सक्षम अधिकारी से कराने की मांग भी की।