गौरीगंज (अमेठी)। कोरोना संक्रमितों की संख्या जिले में बढ़ती जा रही है। मंगलवार देर शाम आई रिपोर्ट में जिले में 41 लोग संक्रमित पाए गए हैं। जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 425 हो गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद संक्रमितों के घर पहुंची स्वास्थ्य टीमों ने दवा किट देते हुए उन्हें होम आइसोलेट कर कोविड बचाव प्रोटोकॉल का पालन करने को कहा है।
जिले में कोरोना संक्रमितों में संख्या बढ़ती जा रही है। मंगलवार को अलग-अलग स्थानों से संकलित सैंपल रिपोर्ट जिला प्रशासन को मिली। रिपोर्ट में सर्वाधिक गौरीगंज ब्लॉक क्षेत्र में 16 लोगों के संक्रमित होने के साथ ही मुसाफिरखाना में चार, जगदीशपुर में नौ, अमेठी व तिलोई में दो-दो, बहादुरपुर में तीन, बाजार शुकुल व जामो में एक-एक तथा अन्य स्थानों से जुड़े तीन लोग संक्रमित पाए गए।
रिपोर्ट में 18 लोग संक्रमितों के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं तो कई लोगों में कोविड के मामूली लक्षण दिखे हैं। गांव-गांव बढ़ रहे संक्रमण ने जिला प्रशासन की परेशानी बढ़ा दी है। रिपोर्ट मिलते ही संबंधित ब्लॉक क्षेत्र की रैपिड रिस्पांस टीमें सक्रिय हो गईं। रिपोर्ट के आधार पर टीमें संक्रमितों के घर पहुंचकर उन्हें संक्रमित होने की जानकारी देते हुए उनके स्वास्थ्य की स्थिति का परीक्षण किया।
इस दौरान किसी भी संक्रमित की तबीयत गंभीर नहीं मिली। सभी संक्रमितों की तबीयत सही होने पर उन्हें घर पर आइसोलेट कराते हुए कोरोना संबंधी दवाओं की किट मुहैया कराई गई। परिजनों को इस दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। संक्रमितों की संख्या बढ़ने के बाद निगरानी समितियों को सक्रिय करते हुए एसीएमओ डॉ. राम प्रसाद ने कोरोना नियमों का पालन करने की अपील करते हुए किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर स्वास्थ्य विभाग को सूचित करने को कहा है।